मुंबई। पवित्र रिश्ता की प्रसिद्ध अभिनेत्री उषा नाडकर्णी (Usha Nadkarni), जिन्हें उषा ताई के नाम से भी जाना जाता है, भारतीय टेलीविजन और सिनेमा की एक जानी-मानी हस्ती हैं। 1979 में फिल्म ‘सिंहासन’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली उषा आज 80 वर्ष की आयु में भी सक्रिय हैं। वह अक्सर विभिन्न इवेंट्स में नजर आती हैं और अपने टेलीविजन शो के लिए चर्चा में रहती हैं।
यह भी पढ़ें-ये था सिनेमा का पहला ‘धार्मिक सुपरस्टार’, पर्दे पर बने विष्णु-राम; घरों में पूजते थे लोग
हालांकि उनकी व्यक्तिगत जिंदगी में एक ऐसा पहलू है जो उन्हें चर्चा का विषय बनाता है और वो है उनका अकेलापन। उषा नाडकर्णी ने हाल ही में एक बातचीत में खुलासा किया कि वह पिछले 40 वर्षों से अकेली रह रही हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने पति से कई साल पहले अलग हो गई थीं, लेकिन इस संबंध में उनके मन में कोई कड़वाहट नहीं है। उषा ने कहा कि उनका एक बेटा है, जो विदेश में रहता है और जब वह छोटा था तब अपनी नानी के साथ रहता था। उषा ने अपने करियर के कारण बेटे को अपनी मां के पास छोड़ दिया था।

उषा नाडकर्णी पिछले कई दशकों से मुंबई के अपने फ्लैट में अकेली रहती हैं। उन्होंने बताया कि अब उन्हें अकेले रहने की आदत हो चुकी है और वह बिना किसी सहारे अपनी जिंदगी और काम संभाल रही हैं। उषा ने पहली बार खुलकर बताया कि वह अपने पति से बहुत पहले अलग हो गई थीं। हालांकि उन्होंने कभी पति या उनके परिवार के खिलाफ मन में कोई कड़वाहट नहीं रखी। कई बार तो उन्होंने पूरे नाडकर्णी परिवार को अपने घर पर खाने के लिए भी बुलाया।
जब उषा से पूछा गया कि क्या उन्हें अकेलेपन का एहसास नहीं होता, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस स्थिति की आदत हो गई है। उन्होंने बताया, “मैं 1987 से अकेली रह रही हूं। मुझे बिल्कुल डर नहीं लगता।” उषा ने अपने पहले दिनों को याद करते हुए कहा कि जब वह अपने अपार्टमेंट में आई थीं, तो उन्हें डर लगता था और उन्होंने गार्ड से कहा था कि वह उन्हें दरवाजे तक छोड़ दे लेकिन अब वह इस डर को पार कर चुकी हैं।
Tag: #nextindiatimes #UshaNadkarni #Entertainment




