लाइफस्टाइल डेस्क। गर्मियों में चिलचिलाती धूप और पसीना तो परेशान करता ही है, लेकिन एक और समस्या है जो अक्सर लोगों की रातों की नींद और दिन का सुकून छीन लेती है। हम बात कर रहे हैं ‘Muscle Cramps’ यानी मांसपेशियों में होने वाली अचानक ऐंठन और दर्द की। खासकर हाथों, पैरों, जांघों और पिंडलियों में उठने वाला यह दर्द शारीरिक मेहनत करने पर या रात को सोते समय अचानक ही शुरू हो जाता है।
यह भी पढ़ें-लीची से सेहत को मिलते हैं कमाल के फायदे, शरीर का ये अंग होता है मजबूत
डॉक्टर के मुताबिक इसका सबसे बड़ा कारण शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी होना है। चिलचिलाती गर्मी में शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए खूब पसीना निकालता है। पसीने के जरिए सिर्फ शरीर का पानी ही नहीं बहता, बल्कि सोडियम, पोटैशियम, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे बेहद जरूरी ‘इलेक्ट्रोलाइट्स’ भी बाहर निकल जाते हैं। यही वो अहम तत्व हैं जो हमारी मांसपेशियों और नसों को सामान्य रूप से काम करने में मदद करते हैं। जब शरीर में इनका बैलेंस बिगड़ता है, तो मांसपेशियां अचानक सिकुड़ने लगती हैं और भयानक ऐंठन पैदा होती है।

ये हैं बचाव के तरीके:
डॉक्टर का साफ कहना है कि ज्यादा पसीना बहने पर सिर्फ सादा पानी पी लेना ही काफी नहीं है, शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन वापस लाना भी उतना ही जरूरी है। गर्मी में इस समस्या से बचने के लिए आप अपनी दिनचर्या में कुछ आसान बदलाव कर सकते हैं:
इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति: नारियल पानी, नींबू पानी और छाछ को अपनी डाइट का नियमित हिस्सा बनाएं।
सही और संतुलित खान-पान: अपनी डाइट में पोटैशियम और मैग्नीशियम से भरपूर चीजें शामिल करें। केला, तरबूज, दही, हरी सब्जियां और ड्राई फ्रूट्स शरीर में जरूरी मिनरल्स की कमी को तेजी से पूरा करते हैं।
हाइड्रेशन और सावधानी: दिन भर भरपूर मात्रा में पानी पीते रहें। कड़ी धूप में लगातार काम करने से बचें। भारी कसरत या शारीरिक काम करने से पहले और बाद में शरीर को अच्छी तरह से हाइड्रेट जरूर करें।
Tag: #nextindiatimes #MuscleCramps #Health




