32.4 C
Lucknow
शुक्रवार, जुलाई 17, 2026

स्ट्रोक या ब्रेन ट्यूमर? इन मिलते-जुलते लक्षणों में जरूर समझें फर्क

लाइफस्टाइल डेस्क। स्ट्रोक और ब्रेन ट्यूमर- ये दिमाग की दो ऐसी गंभीर बीमारियां हैं, जिनके लक्षण देखने में काफी हद तक एक जैसे लग सकते हैं, लेकिन इनके होने का कारण, शरीर पर असर करने की रफ्तार और इलाज की जल्दबाजी में जमीन-आसमान का अंतर है।

यह भी पढ़ें-भीषण गर्मी में लू लगने पर दिखाई देते हैं ये लक्षण, तुरंत करें उपाय

स्ट्रोक आने पर दिमाग की कोशिकाएं मिनटों में मरने लगती हैं। आप जानकर हैरान रह जाएंगे कि इलाज में होने वाली हर एक मिनट की देरी से दिमाग के करीब 19 लाख न्यूरॉन्स नष्ट हो जाते हैं। इसलिए मेडिकल भाषा में कहा जाता है- “Time is Brain” यानी समय ही दिमाग है।

स्ट्रोक के अचानक दिखने वाले लक्षण:

शरीर के किसी एक हिस्से में अचानक कमजोरी आना।
चेहरे का एक तरफ से टेढ़ा हो जाना।
बोलने में या दूसरों की बात समझने में अचानक दिक्कत होना।
बहुत तेज और अचानक सिरदर्द उठना।
अचानक आंखों की रोशनी कम होना या चलने में लड़खड़ाना।

स्ट्रोक के बिल्कुल उलट, ब्रेन ट्यूमर (Brain Tumor) अचानक नहीं होता। चाहे यह ट्यूमर बिनाइन हो या मैलिग्नेंट, यह हफ्तों और महीनों में धीरे-धीरे बढ़ता है। इसके लक्षण मिनटों में नहीं बल्कि वक्त के साथ सामने आते हैं। इसके लक्षणों को पहचानने का सबसे अहम शब्द है- प्रोग्रेसिव, यानी ऐसी तकलीफें जो समय के साथ लगातार बढ़ती जाती हैं।

ब्रेन ट्यूमर के मुख्य संकेत:

सुबह सोकर उठने पर तेज सिरदर्द होना (क्योंकि रात भर लेटे रहने से दिमाग का प्रेशर बढ़ता है)।
जिंदगी में पहली बार दौरे पड़ना।
किसी एक हाथ या पैर का धीरे-धीरे कमजोर होते जाना।
व्यक्ति के व्यवहार या पर्सनैलिटी में बदलाव आना।
देखने और बोलने में ऐसी दिक्कत होना जो समय के साथ बढ़ती जा रही हो।

दिमाग हमारे शरीर का सबसे जटिल और नाजुक हिस्सा है। इसे सबसे पहले और सही ध्यान की जरूरत होती है। इसलिए ये दो बातें हमेशा याद रखें:

अचानक लक्षण दिखें: अगर स्ट्रोक जैसे अचानक न्यूरोलॉजिकल लक्षण दिखें, तो तुरंत इमरजेंसी में जाएं। खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल जाने की गलती न करें और न ही किसी चीज का इंतजार करें।
धीरे-धीरे बढ़ती तकलीफ: अगर हफ्तों या महीनों से कोई तकलीफ धीरे-धीरे बढ़ रही है, तो बिना देरी किए किसी अच्छे न्यूरोलॉजिस्ट से मिलें।

Tag: #nextindiatimes #BrainTumor #Lifestyle

RELATED ARTICLE