44.3 C
Lucknow
सोमवार, जून 8, 2026

क्या ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ भी बन सकती है पॉलिटिकल पार्टी? जानें रजिस्ट्रेशन का प्रोसेस

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर लोगों का ध्यान खींचा है। बढ़ती लोकप्रियता और लोगों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए अब इस बात पर चर्चा हो रही है कि क्या Cockroach Janta Party सोशल मीडिया पर आधारित आंदोलन से एक औपचारिक रूप से मान्यता प्राप्त राजनीतिक संगठन बन सकती है।

यह भी पढ़ें-कॉकरोच से लेकर सास-बहू तक! यहां देखें अजीबो-गरीब नाम वाली पार्टियों की लिस्ट

रिपोर्ट्स के मुताबिक हरियाणा के पानीपत के एक वकील ने पार्टी के रजिस्ट्रेशन के लिए भारत निर्वाचन आयोग से संपर्क किया है। इसी बीच आइए जानते हैं कि भारत में किसी राजनीतिक पार्टी के रजिस्ट्रेशन की आधिकारिक प्रक्रिया क्या होती है? जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 29A के तहत किसी भी नई बनी राजनीतिक पार्टी को अपने गठन के 30 दिनों के अंदर भारत निर्वाचन आयोग को आवेदन देना होता है।

रजिस्ट्रेशन पहला कानूनी कदम है जो किसी राजनीतिक संगठन को चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने और आयोग से आधिकारिक मान्यता प्राप्त करने की मंजूरी देता है। रजिस्ट्रेशन के लिए मुख्य जरूरतों में से एक सदस्यता है। प्रस्तावित पार्टी के पास कम से कम 100 रजिस्टर्ड सदस्य होने चाहिए। इसी के साथ हर सदस्य के पास एक वैध वोटर पहचान पत्र होना चाहिए। आवेदन पर कार्रवाई करने से पहले निर्वाचन आयोग इन सभी डिटेल्स की पुष्टि करता है।

पार्टी को एक लिखित संविधान या फिर मेमोरेंडम जमा करना होगा। इसमें उसके उद्देश्य, संघटनात्मक ढांचे और आंतरिक नियम के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए। संविधान में यह साफ तौर से लिखा होना चाहिए कि पार्टी भारत के संविधान का पालन करेगी और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद के सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्ध रहेगी। इसके अलावा पार्टी के पदाधिकारियों को हलफनामा जमा करना होगा जिसमें यह पुष्टि की गई हो कि वह किसी दूसरी रजिस्टर्ड राजनीतिक पार्टी से जुड़े नहीं हैं।

आवेदन के साथ पार्टी को सचिव, भारत निर्वाचन आयोग के पक्ष में ₹10000 का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना होगा। आवेदन में पार्टी के पदाधिकारियों, सदस्यता रिकॉर्ड, पते और आयोग द्वारा मांगे गए सहायक दस्तावेजों का विवरण भी शामिल होना चाहिए ,आवेदन मिलने के बाद निर्वाचन आयोग प्रस्तावित पार्टी को एक राष्ट्रीय और एक स्थानीय समाचार पत्र में सार्वजनिक सूचना प्रकाशित करने का निर्देश देता है।

Tag: #nextindiatimes #CockroachJantaParty #CJP

RELATED ARTICLE