3rd PRC और BSNL के अस्तित्व को बचाने के लिए कर्मचारियों का देशव्यापी आंदोलन शुरू

लखनऊ। सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ और वर्ष 2017 से लंबित तीसरे वेतन आयोग (3rd PRC) को लागू कराने की मांग को लेकर BSNL के कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। BSNL के सभी यूनियंस और एसोसिएशंस (AUAB) के संयुक्त बैनर तले शुक्रवार से देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत की गई।

यह भी पढ़ें –अब बिना नेटवर्क के भी होगी बात, BSNL का नया Satellite Phone लॉन्च

आंदोलन के पहले चरण के तहत पूरे देश सहित उत्तर प्रदेश (पूर्वी) परिमंडल के परिमंडल कार्यालय एवं समस्त जिला कार्यालयों पर कर्मचारियों ने भोजनावकाश (लंच ऑवर) में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने इसे BSNL के अस्तित्व और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए “करो या मरो” की लड़ाई करार दिया।

BSNL एम्प्लॉइज यूनियन के पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए कहा कि BSNL कॉर्पोरेट ऑफिस द्वारा हाल ही में जारी सर्कुलर (17.09.2026) के तहत समिति के गठन के बाद जबरन वीआरएस (Forced VRS) जैसी स्थितियां बनने का अंदेशा है। ऐसे में लगभग 40,000 कर्मचारियों की एकजुटता ही संगठन और उनके भविष्य को सुरक्षित रख सकती है।

आंदोलन को सफल बनाने में BSNL एम्प्लॉइज यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष आनंद सिंह एवं प्रांतीय सचिव तिलक राज तिवारी की अगुवाई में सभी यूनियंस और एसोसियेशन्स के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

प्रांतीय कोषाध्यक्ष (उत्तर प्रदेश पूर्वी परिमंडल) त्रिभुवन नारायण तिवारी ने प्रदर्शन में शत-प्रतिशत भागीदारी निभाने के लिए सभी कर्मचारियों और साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की यह अभूतपूर्व एकता BSNL में नया इतिहास रचेगी और वे अपनी न्यायसंगत मांगों को मनवाकर ही रहेंगे।

RELATED ARTICLE