सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर जिले में मदरसे (Madrasa) में नियुक्ति दिलाने के नाम पर 17 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मामला इटवा तहसील क्षेत्र के भदोखर स्थित जामिया अरबिया हशमतिया अहले सुन्नत मेराजुल उलूम मदरसे का है। पीड़ित की शिकायत पर शोहरतगढ़ पुलिस ने पूर्व प्रबंधक मोहसिन खान समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में सपा ने खोला मोर्चा, बैलगाड़ी मार्च निकालकर किया प्रदर्शन
पीड़ित गुलाम मोईनुद्दीन का आरोप है कि मदरसे में नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर पूर्व प्रबंधक मोहसिन खान ने उनसे 17 लाख रुपये लिए। आरोप है कि यह रकम बैंक खाते और नकद दोनों माध्यमों से दी गई थी। पीड़ित का कहना है कि पैसे लेने के बाद नियुक्ति नहीं दी गई और आरोपित लगातार टालमटोल करते रहे। काफी प्रयास के बाद भी जब न तो नियुक्ति मिली और न ही रुपये वापस किए गए, तब उन्होंने शोहरतगढ़ थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।

मोईनुद्दीन के अनुसार, प्रबंधक ने उन्हें सहायक अध्यापक पद का नियुक्ति पत्र दिया था। जब वह मदरसे में ज्वाइनिंग के लिए पहुंचे, तो वहां के लोगों ने नियुक्ति पत्र को फर्जी बताया। इसके बाद प्रबंधक मोहसिन खान ने उनसे फोन पर बात करना बंद कर दिया और गांव से फरार हो गया।
मामला संज्ञान में आते ही शोहरतगढ़ पुलिस ने मोहसिन खान समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #Crime




