स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल (IPL 2026) का 19वां सत्र पांच बिहारी क्रिकेटरों के नाम रहा। 22 गज की पिच पर ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, अनुकूल राय, साकिब हुसैन और मुकेश कुमार ने अपने दमदार प्रदर्शन से देश-दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा।
यह भी पढ़ें-IPL के एक मैच से कितना कमा रहे वैभव सूर्यवंशी? रकम जान उड़ जाएंगे होश
वैभव सूर्यवंशी:
इस बार समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी की असाधारण प्रतिभा ने सबको आश्चर्यचकित किया। राजस्थान रायल्स से खेलते हुए वैभव रन और कीर्तिमान बनाने उतरे। 1.10 करोड़ के वैभव सबसे कम उम्र में शतक का रिकार्ड उनके नाम था ही, इसबार सबसे अधिक छक्के-चौक्के, सबसे तेज एक हजार रन, स्ट्राइक रेट, पावर प्ले में 500 से अधिक रन आदि कीर्तिमान खुद के खाते में दर्ज कर लिया।
इस बार एक सत्र में 72 छक्के जड़कर क्रिस गेल के 2012 के ऐतिहासिक रिकार्ड (59 छक्के) को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने अपने आइपीएल करियर में महज 440 गेंदों में एक हजार रन पूरे किए।
ईशान किशन:
आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने ईशान किशन को 11.25 करोड़ में खरीदा था। भारतीय टीम के सदस्य व पटना के 28 वर्षीय क्रिकेटर का रिकार्ड किसी से कम नहीं रहा। 2016 से आइपीएल खेल रहे बाएं हाथ के बल्लेबाज इशान ने 2020-21 में सर्वाधिक 516 रन बनाए थे। इस बार उन्होंने 15 मुकाबले खेल टीम के लिए 602 रन जोड़े। अब आइपीएल में ईशान के नाम 134 मैच की 127 पारियों में एक शतक और 23 अर्धशतक की मदद से 30 की औसत से 3600 रन हो गए हैं।

साकिब हुसैन :
पहली बार आईपीएल खेल रहे गोपालगंज के 21 वर्षीय तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने अपनी स्लो गेंदों से सबका ध्यान खींचा। साकिब ने आइपीएल इतिहास में अनोखा रिकार्ड भी बनाया। आईपीएल करियर के शुरुआती लगातार 10 मैचों में हर मैच में कम से कम एक विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने।
अनुकूल राय:
समस्तीपुर के 27 वर्षीय अनुकूल राय अपनी फिरकी गेंदों और फुर्ती भरे क्षेत्ररक्षण के लिए जाने जाते हैं। आइपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए 40 लाख में खेल रहे हरफनमौला खिलाड़ी ने 14 मैचों में 9.60 की ईकोनामी से नौ विकेट चटकाए। आइपीएल में प्रदर्शन के दम पर उन्हें जून 2026 में होने वाली श्रीलंका ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में भी शामिल किया गया है।

मुकेश कुमार:
भारत के लिए खेल चुके गोपालगंज के 32 वर्षीय मुकेश कुमार सटीकता और अनुशासन से गेंदबाजी करने के लिए जाना जाता है। दिल्ली कैपिटल्स ने उन पर आठ करोड़ रुपये खर्च कर भरोसा जताया था। मध्यम गति के गेंदबाज ने 10 मैचों में 11.26 की ईकोनामी से छह विकेट लिए। इस साल उन्होंने 10 मैच में 10.36 की ईकोनामी से 17 बल्लेबाजों को पवेलियन का मार्ग दिखाया।
Tag: #nextindiatimes #IPL2026 #VaibhavSuryavanshi




