सिद्धार्थनगर। जिले के भारत नेपाल सीमा पर स्थित एक मदरसा (madrasa) उस वक्त सुर्खियों में आ गया जब मदरसे में मृत पाए गए एक छात्र की हत्या का उसके परिजनों ने आरोप लगाया। परिजनों की तहरीर पर बच्चे का पोस्टमार्टम होने के बाद इस बात की पुष्टि भी हो गई है। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर मदरसे के एक छात्रा को हीरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: सपा सांसद की अभद्र टिप्पणी पर भड़की भाजपा महिला मोर्चा, किया जोरदार प्रदर्शन
सिद्धार्थनगर जिले के डेबरूआ थाना क्षेत्र के तुलसीयापुर का रहने वाला 12 वर्षीय अनिसुर रहमान भारत नेपाल सीमा पर स्थित मदरसा आहले सुन्नत ईशा अतुलइस्लाम का छात्र था। अनिसुर रहमान इस मदरसे में बीते 4 सालों से अपने भाई के साथ दीनी शिक्षा ग्रहण कर रहा था।
मृतक अनिसुर रहमान के परिजनों ने बताया कि 11 अप्रैल की रात स्कूल के जिम्मेदारों ने फोन कर बताया कि अनिसुर रहमान को चोट लग गई है और उसकी मृत्यु हो चुकी है। वह लोग आ जाएं लेकिन कुछ देर बाद फिर इन लोगों ने फोन कर कहा कि वे ना आए बल्कि उसके शव को वे लोग लेकर आ रहे हैं।
कुछ देर बाद मदरसे के लोग अनिसुर रहमान का शव लेकर उनके घर पहुंचे और उसके शव को फौरन दफनाने का जोर देने लगे। लेकिन घर वालों ने ऐसा नहीं किया। दूसरे दिन सुबह जब शव को इन लोगों ने करीब से देखा तो शव पर चोट और गले में रस्सी के निशान दिखे जिस पर परिजनों को हत्या का शक हुआ और उन्होंने स्थानीय थाने में तहरीर देकर पोस्टमार्टम करने की बात कही। पुलिस तत्काल हरकत में आई और शव का पोस्टमार्टम कराया जिसमें इस बात की पुष्टि हुई कि अनिसुर रहमान की मौत दम घुटने की वजह से हुई है।

परिजनों का कहना है कि उन्हें शक है कि स्कूल के जिम्मेदार कुछ ना कुछ छुपा रहे हैं और वह लगातार उनके बेटे की हत्या की साजिश सामने ना आए उसे दबाने का प्रयास कर रहे हैं। घर वालों ने स्कूल प्रबंधक पर आरोप लगाया कि उसकी हत्या में स्कूल के लोग शामिल है। बात को दबाने के लिए ही इन लोगों ने नेपाल के एक नाबालिग़ छात्र को सामने लाकर उससे यह जुर्म करने की बात कहलवा रहे हैं। जबकि उसके पीछे की कहानी कुछ और है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से अपील की की उनके बच्चे की हत्या का सच जरूर सामने लाया जाए। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो वह और ऊपर जाने के लिए मजबूर होंगे।
इस मामले को लेकर शोहरतगढ़ सर्कल के सीओ मयंक द्विवेदी ने बताया कि डेबरुआ थाना क्षेत्र के तुलसीयापुर गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने थाने पर तहरीर दी कि वे अपने बेटे का पोस्टमार्टम करवाना चाहते हैं। जिनकी मृत्यु भारत नेपाल सीमा पर स्थित एक मदरसे में हुई है। सीओ शोहरतगढ़ ने बताया कि इस के बाद पुलिस ने 12 वर्षीय अनिसुर रहमान नाम के छात्र का पोस्टमार्टम कराया जिसमें उसकी मौत दम घुटने से होने की पुष्टि हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। मयंक द्विवेदी ने बताया कि एक छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है अभी विवेचना प्रचलित है इसलिए वह और ज्यादा जानकारी नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस हत्या का खुलासा पुलिस कर लेगी।
इस दर्दनाक घटना को लेकर जब स्कूल प्रशासन से घटना की पूरी जानकारी लेने की कोशिश की गई तो स्कूल के परिसर में कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं था। स्कूल के बच्चे अपने-अपने क्रियाकलापों में व्यस्त थे। स्कूल में वीडियो शूट करने के दौरान स्कूल के कुछ कर्मचारियों ने हमें शूट करने से रोकने की भी कोशिश की। भारत नेपाल सीमा पर स्थित यह मदरसा 1950 से चल रहा है इस विद्यालय में मदरसे में 500 बच्चे रजिस्टर्ड हैं जबकि हॉस्टल में 250 बच्चे रह कर इस्लामी शिक्षा ग्रहण करते हैं। इतनी बड़ी घटना होने के बाद स्कूल के जिम्मेदारों का मौके से गायब होना इस मामले में और सवाल खड़े करता है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nexrtindiatimes #Siddharthnagar #Murder




