सिद्धार्थनगर। समाजवादी पार्टी (SP) के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के विवादित बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। प्रधानमंत्री के विरुद्ध की गई अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में कई जिलों में भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। इसी सिलसिले में सिद्धार्थनगर जिला कलेक्ट्रेट पर महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, दहेज प्रताड़ना का आरोप
बता दें समाजवादी पार्टी के सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा का आक्रोश फूट पड़ा है। आज भारी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं और कलेक्ट्रेट परिसर में जबरदस्त रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसे नारी शक्ति एवं देश के सर्वोच्च पद का अपमान बताया।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सांसद सार्वजनिक रूप से अपनी अभद्र टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगते, उनका आंदोलन जारी रहेगा। रैली के बाद पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें सांसद के आचरण की निंदा की गई है।
इस मामले में कल पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने भी समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला था। पूर्व विधायक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के संरक्षण में लगातार हिन्दू समाज और महापुरुषों का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अब संस्कार विहीन पार्टी बन चुकी है और इसी कारण उसका जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #SP #BJPMahilaMorcha




