सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर (Siddharthnagar) जिले के मोहाना थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ सरकारी कार्यवाही के दौरान एक राजस्व कर्मी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। संग्रह अमीन से मारपीट का वीडियो वायरल हो गया है। जिसके बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें-‘मैं जिन्दा हूं’, अधिकारियों ने कागजों पर महिला को दिखा दिया मृतक और फिर…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील नौगढ़ में तैनात संग्रह अमीन मुकेश भारती, नायब तहसीलदार सदर एवं अन्य कर्मचारियों के साथ मोहाना थाना क्षेत्र के रोहूडीला गांव में बकायेदारों की संपत्ति कुर्क करने गए थे। बताया गया कि अनिल कुमार व अखिलेश कुमार पुत्र शोभनारायण पर ग्रामीण बैंक शाखा मोहाना का करीब 5.50 लाख रुपये बकाया था।

बकाया वसूली को लेकर दोनों के खिलाफ आरसी जारी की गई थी। आरसी के अनुपालन में जब खेत की कुर्की की जा रही थी, तभी आरोप है कि अनिल कुमार और अखिलेश कुमार ने संग्रह अमीन के साथ मारपीट की और भद्दी-भद्दी गालियां दीं। वायरल वीडियो में दोनों आरोपी “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ज़िंदाबाद” और स्थानीय विधायक श्यामधनी राही ज़िंदाबाद के नारे लगाते हुए भी नजर आ रहे हैं।
संग्रह अमीन मुकेश भारती की तहरीर पर मोहाना थाने में दोनों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 221, 121(1), 132, 352, 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(va) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता और हमले को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #video




