सिद्धार्थनगर। जिले के डुमरियागंज में सियासी हलचल मची हुई है। नगर पंचायत क्षेत्र में पीस पार्टी ऑफ इंडिया को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के कद्दावर नेता अरबाब फारूकी ने अपने समर्थकों के साथ ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में पूर्व विधायक ने तिरंगे से पोंछा मुंह, वीडियो वायरल; लोगों में आक्रोश
सोमवार को बरई बंगवा स्थित मार्केट में एआईएमआईएम कार्यालय का उद्घाटन हुआ। इस दौरान सैकड़ो की संख्या में लोग शामिल हुए। इस कार्यक्रम में पीस पार्टी ऑफ इंडिया के कद्दावर नेता अरबाब फारूकी ने अपने समर्थकों के साथ एआईएमआईएम की सदस्यता ग्रहण कर ली। मीडिया से बात करते हुए अरबाब फारूकी ने कहा कि एआईएमआईएम गरीबों, वंचितों और पिछड़ों की आवाज को सड़क से सदन तक पहुंचाने का काम करेगी।

उन्होंने बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह देश के अल्पसंख्यकों, दलितों और पिछड़ों के लिए उम्मीद की किरण है। फारूकी के अनुसार, AIMIM की नीतियां स्पष्ट हैं और यह पार्टी गरीब जनता की आवाज को सड़क से सदन तक पहुंचाने में सक्षम है। उन्होंने आगे कहा कि इस कदम से क्षेत्र के विकास और अधिकारों की लड़ाई को एक नया मंच और नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के विजन की भी सराहना की।
इस राजनीतिक घटनाक्रम के दौरान शम्स तबरेज, समीर चौधरी, अब्दुल रहमान, अरमान, मौलाना अब्दुर्रकीब, शमीम अहमद, नायाब फारुकी, नदीम फारुकी, सरताज फारुकी, हकीक, नसीम चौधरी, जमाल अहमद और रियाज अहमद सहित बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित थे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अरबाब फारूकी के इस कदम से क्षेत्र में AIMIM की स्थिति मजबूत होगी और आगामी चुनावों में राजनीतिक समीकरणों में बदलाव आ सकता है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #AIMIM #Siddharthnagar




