29 C
Lucknow
Friday, May 15, 2026

जमीनी विवाद में युवक की मौत के बाद बवाल, ग्रामीणों ने शव रखकर रोड किया जाम

सिद्धार्थनगर। जिले के लोटन में जमीनी विवाद अब बेकाबू होता दिख रहा है। इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों (Villagers) का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। शव को चौराहे पर रखकर उग्र प्रदर्शन शुरू हो गया। यह पूरा मामला लोटन कोतवाली क्षेत्र के धरनिहवा–कुल्हुआ गांव का है।

यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में चोर बेखौफ, दो घरों से उड़ाया लाखों का सामान; मचा हड़कंप

दरअसल 24 अप्रैल को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। इस हिंसा में संदीप यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर किया गया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बीती रात उन्होंने दम तोड़ दिया।मौत की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजन और सैकड़ों ग्रामीण शव को लेकर लोटन चौराहे पर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते पूरा इलाका प्रदर्शन स्थल में तब्दील हो गया।

हालात ये थे कि लोटन तिराहे से तीनों दिशाओं में लंबा जाम लग गया। मुहाने की तरफ हाईवे पर 3 से 4 किलोमीटर तक वाहन फंस गए, कुल्हुई मार्ग पर करीब 2 किलोमीटर और सोहास रोड पर भी लगभग 2 किलोमीटर तक यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का सीधा आरोप था कि 24 अप्रैल की घटना के बाद पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। अगर उसी वक्त सख्त कदम उठाए जाते, तो शायद आज एक युवक की जान नहीं जाती।

लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही और ढिलाई ने आरोपियों के हौसले बुलंद किए। ग्रामीण लगातार नारेबाजी करते रहे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच की भी मांग उठ रही है।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #Villagers

RELATED ARTICLE