सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर (Siddharthnagar) जिले के शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र स्थित नदांव गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक 18 वर्षीय युवक ने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी। हालांकि, युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
यह भी पढ़ें-भाजपा नेता ने डुमरियागंज में बाढ़ प्रभावित गांवों का किया दौरा, बांटी राहत सामग्री
बचपन से दादी की बहन के घर रहता था मृतक:
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शिवम (18 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र के देवरा बाजार निवासी राजेश का पुत्र था। शिवम बचपन से ही नदांव गांव में अपनी दादी की बहन, करीब 72 वर्षीय पार्वती के घर पर रह रहा था और वहीं पला-बड़ा था।
सुबह दरवाजा न खुलने पर हुआ घटना का खुलासा:
परिजनों के अनुसार,
बीती रात शिवम रोज की तरह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। अगले दिन सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो घर वालों को चिंता हुई। उन्होंने दरवाजा खटखटाया,
लेकिन अंदर से कोई आवाज या प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद जब परिजनों ने खिड़की के बगल से झांककर देखा, तो उनके होश उड़ गए। अंदर शिवम फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में परिजनों ने दरवाजा तोड़ा,
उसे फंदे से नीचे उतारकर बेड पर लिटाया
और तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा:
सूचना मिलते ही शिवनगर डिड़ई थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस दुखद घटना के बाद से ही नदांव गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रमुख बयान
मृतक की बहन का बयान:
“रात में वह खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था और हम लोग नीचे आकर सो गए थे। सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठा, तो हम लोगों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब दरवाजे के बगल से देखा, तो वह फांसी के फंदे से लटका हुआ था।”
शुबेन्दु सिंह (क्षेत्राधिकारी, बांसी) का बयान:
“थाना शिवनगर डिड़ई पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि शिवम नाम के एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है।”
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #crime




