सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर में कांग्रेस (Congress) पार्टी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद के नेतृत्व में सदर तहसील से हनुमान मंदिर तक ‘सद्बुद्धि यात्रा’ निकाली गई। यह यात्रा अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा और चढ़ावा चोरी के विरोध में आयोजित की गई।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: झगड़े को शांत कराने गए अधेड़ को जमकर पीटा, हुई मौत
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग भी उठाई। मीडिया से बातचीत में कांग्रेस प्रदेश सचिव नादिर सलाम और जिला अध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद ने आरोप लगाया कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सरकार वास्तविक दोषियों को बचा रही है।

उनका कहना था कि कांग्रेस के विरोध के बाद ही मुकदमा दर्ज हुआ और कुछ गिरफ्तारियां हुईं, लेकिन मुख्य आरोपियों पर अब भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने सभी दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि भगवान सभी को सद्बुद्धि दें। सद्बुद्धि यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि भगवान श्रीराम देश के करोड़ों नागरिकों की अगाध आस्था के केंद्र हैं। ऐसे पावन मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे में वित्तीय हेराफेरी और अनियमितताओं की खबरें बेहद चिंताजनक हैं, जिससे देश-विदेश के भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं।
इस मौके पर डॉ. नादिर सलाम, कृष्ण बहादुर सिंह, जावेद मोकीम, अनिल सिंह अन्नू, सतीश चंद्र त्रिपाठी, सादिक अहमद और राजन श्रीवास्तव जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे। नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और श्रद्धालुओं के भरोसे की रक्षा करना हर नागरिक और सरकार का परम दायित्व है। यदि पवित्र मंदिर के कोष में किसी भी तरह की गड़बड़ी हुई है, तो उसकी उच्च स्तरीय जांच कराकर दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #RamMandir #Siddharthnagar #Congress




