सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सेखुई गोवर्धन स्थित अंबेडकर पार्क में संविधान दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी की ओर से PDA संविधान दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
यह भी पढ़ें-मुलायम सिंह यादव जयंती पर डुमरियागंज में कार्यक्रम का आयोजन, हजारों महिलाओं को साड़ी वितरण
आयोजन के दौरान सपा प्रदेश सचिव इंजीनियर रामफेर अंशु यादव ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और भगवान बुद्ध की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं और आयोजकों ने उपस्थित जनसमूह को भारतीय संविधान के महत्व, समानता के सिद्धांतों और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
मलिन बस्ती में करीब एक हजार लोगों को शॉल वितरण:PDA
कार्यक्रम के समापन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सपा प्रदेश सचिव इंजीनियर रामफेर अंशु यादव ने बताया कि सेखुई गोवर्धन के अंबेडकर पार्क में PDA संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें हर वर्ग के सम्मान और अधिकार की रक्षा करने की प्रेरणा देता है।
संविधान दिवस के इस अवसर पर सामाजिक सरोकार निभाते हुए मलिन बस्ती में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहां जाकर करीब एक हजार जरूरतमंद लोगों को शॉल वितरित की गई और उन्हें संविधान के मूल्यों व अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई।

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर लोगों से अपील:PDA
मीडिया से चर्चा के दौरान इंजीनियर रामफेर अंशु यादव ने आगामी चुनावों को लेकर भी कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिस तरह वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने पीडीए (PDA) को मजबूती प्रदान की थी, उसी उत्साह और एकजुटता के साथ वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पीडीए को मजबूत करें।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में PDA की ताकत से समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में सभी लोग अपना सहयोग दें, ताकि समाज के हर तबके को न्याय और सम्मान मिल सके।
डुमरियागंज के सेखुई गोवर्धन में आयोजित PDA संविधान दिवस कार्यक्रम के जरिए जहां एक ओर संविधान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर मलिन बस्ती में शॉल वितरण कर जरूरतमंदों की मदद भी की गई। साथ ही इस आयोजन ने 2027 की सियासी तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने का काम किया।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #PDA #Siddharthnagar #ConstitutionDay




