एंटरटेनमेंट डेस्क। सिनेमा के इतिहास में पिछले 64 सालों से James Bond का किरदार हर दौर के दर्शकों की पहली पसंद बना हुआ है। शॉन कॉनरी से लेकर रोजर मूर और टिमोथी डाल्टन तक, कई दिग्गज अभिनेताओं ने बड़े पर्दे पर इस आइकॉनिक जासूस की भूमिका को अमर बनाया है। हालांकि, पिछले डेढ़ दशक में दर्शकों के जेहन में 007 की सिर्फ एक ही छवि सबसे ज्यादा गहरी रही और वह थे डेनियल क्रेग।
यह भी पढ़ें-तो ऐसे आया James Bond का आइडिया, पढ़ें क्या है 007 कोड का मतलब?
डेनियल क्रेग ने लगभग 15 सालों के सफर में 5 शानदार फिल्मों के जरिए MI6 के एजेंट की भूमिका निभाई। आखिरकार साल 2021 में रिलीज हुई फिल्म ‘नो टाइम टू डाई’ के साथ उन्होंने इस यादगार किरदार को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। लेकिन यह पहला मौका नहीं था जब क्रेग के इस फ्रेंचाइजी से बाहर होने की चर्चाएं तेज हुई थीं। साल 2015 में फिल्म ‘स्पेक्ट्रे’ के बाद भी जब उनके James Bond छोड़ने की खबरें आई थीं, तब हॉलीवुड के 5 बड़े सितारों के नाम इस रेस में सबसे आगे चल रहे थे। इनमें से कुछ ने स्क्रीन टेस्ट और ऑडिशन भी दिए, लेकिन उनका 007 बनने का सपना अधूरा ही रह गया।
1. इदरिस एल्बा (Idris Elba)
साल 2015 में जब पहली बार डेनियल क्रेग के James Bond की भूमिका छोड़ने की अटकलें शुरू हुईं, तो सबसे पहला और मजबूत नाम ब्रिटिश अभिनेता इदरिस एल्बा का सामने आया था। मनोरंजन जगत की वेबसाइट ‘डेडलाइन’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बॉन्ड सीरीज की निर्माता बारबरा ब्रोकली ने निर्देशक एंटोनी फुक्वा के साथ बातचीत में यह संकेत दिया था कि अब वह किसी नॉन-व्हाइट एक्टर को इस किरदार में देखना चाहती हैं।
इस बयान के सामने आते ही इदरिस एल्बा को अगला MI6 एजेंट मान लिया गया था और सोशल मीडिया पर उनके नाम की लहर चल पड़ी थी। हालांकि, बाद में इदरिस एल्बा ने खुद एक ट्वीट के जरिए बेहद दिलचस्प अंदाज में इन तमाम खबरों को खारिज कर दिया और फैंस से किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करने की अपील की।
2. टॉम हार्डी (Tom Hardy)
रॉबर्ट पैटिनसन से पहले अगर James Bond सीरीज के कट्टर प्रशंसक डेनियल क्रेग के बाद किसी अभिनेता को 007 के सूट में देखने के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित थे, तो वह टॉम हार्डी थे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नए जेम्स बॉन्ड के चयन के लिए जिन टॉप-5 अभिनेताओं का स्क्रीन टेस्ट लिया गया था, उनमें टॉम हार्डी का नाम प्रमुखता से शामिल था।
उनकी दावेदारी को तब और मजबूती मिली जब साल 2018 में खुद पुराने जेम्स बॉन्ड रह चुके दिग्गज अभिनेता पियर्स ब्रॉसनन ने एक इंटरव्यू में टॉम हार्डी की जमकर तारीफ की। ब्रॉसनन ने साफ कहा था कि टॉम हार्डी अगले 007 बनने के लिए बिल्कुल परफेक्ट चॉइस हैं, लेकिन इसके बावजूद बात आगे नहीं बढ़ सकी।
3. रिचर्ड मैडेन (Richard Madden)
मशहूर वेब सीरीज ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ में रॉब स्टार्क और ‘बॉडीगार्ड’ में अपने दमदार अभिनय का लोहा मनवा चुके अभिनेता रिचर्ड मैडेन भी इस दौड़ में शामिल थे। साल 2018 और 2019 के दौरान James Bond के किरदार के लिए उनका नाम लगातार सुर्खियों में बना रहा।

दरअसल, जासूसी पर आधारित थ्रिलर सीरीज ‘बॉडीगार्ड’ ने व्यूअरशिप और रेटिंग के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इस शो की जबरदस्त कामयाबी और रिचर्ड के गंभीर एक्शन अंदाज को देखकर दर्शकों और फिल्म समीक्षकों ने उन्हें अगला बॉन्ड मान ही लिया था, मगर यह महज अटकलों तक ही सीमित रह गया।
4. जेम्स नॉर्टन (James Norton)
साल 2018 में ब्रिटिश अभिनेता जेम्स नॉर्टन का नाम भी अगले James Bond के सबसे प्रबल दावेदारों की सूची में उभरा था। उसी साल जब उनकी चर्चित क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘मैकमाफिया’ रिलीज हुई, तो उसमें उनके शानदार अभिनय और क्लासिक ब्रिटिश अंदाज को देखकर मीडिया और प्रशंसकों ने इसे उनका ‘अघोषित बॉन्ड ऑडिशन’ करार दिया था। लंबे समय तक सट्टेबाजी बाजार में भी उनका नाम शीर्ष पर रहा। हालांकि, साल 2026 में उन्होंने खुद को इस किरदार के लिए काफी उम्रदराज मानते हुए इस रेस से अपने कदम पीछे खींच लिए।
5. हेनरी कैविल (Henry Cavill)
‘सुपरमैन’ के रूप में दुनियाभर में मशहूर हेनरी कैविल का नाम भी James Bond की विरासत से बेहद करीब से जुड़ा रहा है। साल 2018 में हेनरी कैविल ने डेनियल क्रेग के किरदार छोड़ने की चर्चाओं के बीच खुद सार्वजनिक रूप से जेम्स बॉन्ड बनने की इच्छा जाहिर की थी। इसी साल फिल्म ‘मिशन इम्पॉसिबल: फॉलआउट’ में कैविल ने ऑगस्ट वॉकर का किरदार निभाया और टॉम क्रूज के साथ बिना किसी बॉडी डबल के कई खतरनाक स्टंट खुद किए। उनकी इस तैयारी को देखकर फैंस को यकीन हो गया था कि वह 007 बनने की रिहर्सल कर रहे हैं, लेकिन उन्हें भी यह मौका नहीं मिल सका।
Tag: #nextindiatimes #JamesBond #Hollyeood #DanielCraig




