सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरपुरवा चौराहे पर गुरुवार शाम वाई-फाई (Wi-Fi) लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद रात होते-होते हिंसक झड़प में बदल गया। मजदूरी और काम के पैसे मांगने की बात से शुरू हुई यह कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह भी पढ़ें-तमिलनाडु से पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी, सिद्धार्थनगर से निकला कनेक्शन
पैसे मांगने पर शुरू हुई कहासुनी:
घटना की शुरुआत पथरपुरवा चौराहे पर स्थित सैदू (पुत्र रमजान) की दुकान से हुई।
- मजदूरी पर विवाद:
- डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव निवासी अंकित (पुत्र परमेश्वरी) सैदू की दुकान पर वाई-फाई लगाने आए थे। काम पूरा होने के बाद जब अंकित ने अपने पैसे मांगे, तो कहासुनी शुरू हो गई।
- दूसरे पक्ष की एंट्री:
- इसी दौरान दुकान के बगल में खरीदारी कर रहे हिसामुद्दीनपुर निवासी अभिनंदन (पुत्र रामकुमार) से भी अंकित की बहस हो गई। इस शुरुआती कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव काफी बढ़ गया।

रात आठ बजे गाड़ी से पहुंचे लोग, सड़क पर चले लाठी-डंडे:
शाम का यह विवाद रात करीब आठ बजे हिसामुद्दीनपुर गांव में एक पक्ष के घर के सामने तक पहुंच गया।
- आमने-सामने आए दोनों पक्ष:
- एक गाड़ी से कुछ लोग वहां पहुंचे और देखते ही देखते मामला पूरी तरह बिगड़ गया।
- अंधेरे में टॉर्च की रोशनी में मारपीट:
- मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अंधेरे में लोग एक-दूसरे पर लाठियों से बेरहमी से हमला कर रहे हैं।
- इस दौरान बचाव करने आई महिलाओं पर भी लाठियां बरसाई गईं।
मारपीट में घायल हुए लोगों की सूची:
इस हिंसक मारपीट के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। घटना में दोनों पक्षों से कुल सात लोग घायल हुए हैं।
इस मारपीट में हिसामुद्दीनपुर निवासी कुलदीप पुत्र रामकुमार (28), अभिनंदन पुत्र रामकुमार (23) और रामकुमार पुत्र गुरसरन (54) घायल हुए। वहीं, दूसरे पक्ष से डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव निवासी परमेश्वरी पुत्र जीत बहादुर (50), समीर पुत्र परमेश्वरी (18), अंकित पुत्र परमेश्वरी (30) और सौरभ कुमार पुत्र परमेश्वरी (23) घायल हुए।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है ।
वायरल वीडियो के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #crime




