बिजी शेड्यूल के बीच नहीं मिल रहा वर्कआउट का टाइम? इन ट्रिक्स से रहें एकदम फिट

लाइफस्टाइल डेस्क। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ऑफिस का तनाव और घर की जिम्मेदारियों के बीच जिम जाने का वक्त निकालना बेहद मुश्किल हो जाता है। ज्यादातर लोगों को लगता है कि फिट रहने का अकेला जरिया जिम में घंटों पसीना बहाना ही है। हालांकि यह पूरी तरह सही नहीं है। आप अपने daily routine के छोटे-छोटे बदलावों और घर के कामकाज के जरिए भी खुद को एकदम फिट और एक्टिव रख सकते हैं।

यह भी पढ़ें-क्या वाकई वजन घटाता है ब्राउन राइस? सफेद चावल छोड़ने से पहले जान लें ये सच!

यदि आप भी बिजी शेड्यूल के कारण वर्कआउट नहीं कर पा रहे हैं, तो इन आसान और असरदार तरीकों को आजमाएं:

1. पोछा लगाते समय स्क्वैट्स (Squats) करें:

घर की सफाई केवल स्वच्छता ही नहीं बल्कि आपकी सेहत के लिए भी फायदेमंद है। जब आप बैठकर पोछा लगाते हैं, तो आपकी कोर मसल्स (Core Muscles) और जांघों पर दबाव पड़ता है। अगर आप खड़े होकर पोछा लगाते हैं, तो बार-बार कमर झुकाने के बजाय स्क्वैट्स की पोजीशन में आएं। इससे आपकी जांघों और लोअर बैक (Lower Back) की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है।

2. कपड़े धोते और सुखाते समय एक्सरसाइज:

कपड़े धोने की प्रक्रिया को आप एक बेहतरीन वर्कआउट (workout) में बदल सकते हैं। बाल्टी या वॉशिंग मशीन से कपड़े निकालते समय बार-बार कमर से झुकने के बजाय घुटनों को मोड़कर स्क्वैट्स करें। कपड़ों को तार पर सुखाते समय अपने पंजों के बल (Toes) पर खड़े हों। इससे पैरों की काफ मसल्स (Calf Muscles) टोन होती हैं और शरीर का संतुलन बेहतर होता है।

3. किचन वर्कआउट ट्रिक्स:

खाना बनाने और बर्तन धोने के दौरान आपको लंबे समय तक खड़े रहना पड़ता है। इस समय को बेकार जाने देने के बजाय आप ‘काफ रेज’ (Calf Raises) कर सकते हैं। यानी खड़े-खड़े पैरों के पंजों पर शरीर को ऊपर उठाएं और फिर धीरे-धीरे नीचे लाएं। यह साधारण सी ट्रिक पैरों के दर्द और थकावट को दूर करने में मदद करती है।

4. सीढ़ियों का इस्तेमाल और सामान उठाना:

लिफ्ट की जगह हमेशा सीढ़ियों (Stairs) का इस्तेमाल करें। सीढ़ी चढ़ना और उतरना एक बहुत अच्छा कार्डियो वर्कआउट (Cardio Exercise) है। इससे हार्ट हेल्थ (Heart Health) में सुधार होता है, फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है और तेजी से कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है। इसके अलावा, घर का भारी सामान उठाने से आपकी मांसपेशियों की ताकत (Muscle Strength) बढ़ती है।

इन छोटी-छोटी आदतों को अपनाकर आप बिना जिम जाए भी दिनभर एक्टिव, एनर्जेटिक और फिट रह सकते हैं।

RELATED ARTICLE