13 C
Lucknow
Thursday, February 5, 2026

वोटर लिस्ट सत्यापन करने गए बीएलओ को ग्राम प्रधान ने पीटा, धरने पर बैठे शिक्षक संगठन

सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर के चिल्हिया थाना क्षेत्र में मतदाता सूची के सत्यापन कार्य में लगे एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान और उनके साथियों ने बीएलओ को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। घटना 1 जनवरी की शाम की है। पीड़ित ने तत्काल 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी लेकिन थाना चिल्हिया में करीब 12 घंटे तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।

यह भी पढ़ें-‘मैं जिन्दा हूं’, अधिकारियों ने कागजों पर महिला को दिखा दिया मृतक और फिर…

इस घटना के बाद बीएलओ की ड्यूटी में लगे कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। पुलिस की इस निष्क्रियता के विरोध में बीएलओ, शिक्षामित्र और शिक्षक संगठनों ने संयुक्त रूप से धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। तब जाकर मामला शांत हुआ।

पीड़ित बीएलओ की पहचान विजय कुमार पुत्र रामचंद्र यादव के रूप में हुई है। वह चिल्हिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सीतारामपुर टोला बनकटवा दक्षिणी के निवासी हैं। विजय कुमार गौरा बाजार स्थित बूथ संख्या 45 पर बीएलओ के पद पर तैनात हैं और मक्कनपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के रूप में कार्यरत हैं।

घटना के समय वह विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत ग्राम पंचायत गौरा अलीदापुर में मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन कार्य में लगे थे। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #SIR

RELATED ARTICLE

close button