स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों में शुमार सुरेश रैना (Suresh Raina) का सफर कई युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अपने करियर में कई बड़े रिकॉर्ड बनाए और टीम इंडिया को अहम मौकों पर जीत दिलाई। सुरेश रैना भारत की 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दबाव भरी पारी खेलकर जीत की नींव रखी थी।
यह भी पढ़ें-खूब गदर मचा रही ‘हनुमान अंश’, पार्ट-2 में नजर आएंगे विराट-अनुष्का!
Suresh Raina: भाई मुकेश को देखकर जगा क्रिकेटर बनने का सपना:
27 नवंबर 1986 को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर में जन्मे सुरेश रैना की क्रिकेट यात्रा में उनके बड़े भाई मुकेश की बड़ी भूमिका रही। उनके भाई मुकेश क्रिकेट खेला करते थे। बचपन में रैना मुरादनगर में अपने भाई के साथ क्रिकेट क्लब जाते थे। भाई को मैदान पर खेलता देखकर सुरेश रैना के मन में भी क्रिकेटर बनने का सपना जागा।
रैना ने क्लब क्रिकेट से अपने सफर की शुरुआत की। उन्होंने कड़ी मेहनत की और जल्द ही उत्तर प्रदेश की अंडर-16 टीम में जगह बना ली। इसके बाद उन्होंने अंडर-17 और अंडर-19 स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन किया। लगातार अच्छे खेल के दम पर महज 17 साल की उम्र में साल 2003 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया।
2005 में टीम इंडिया के लिए हुआ चयन:
घरेलू क्रिकेट में Suresh Raina ने अपनी बल्लेबाजी से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। साल 2005 में उन्हें भारतीय टीम से पहली बार बुलावा मिला। उन्होंने उसी साल श्रीलंका के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया। इसके ठीक एक साल बाद 2006 में उन्हें टी-20 टीम में भी चुना गया। देखते ही देखते वह सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारतीय टीम के अहम खिलाड़ी बन गए।
Suresh Raina: टी-20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले पहले भारतीय:
Suresh Raina के नाम कई ऐतिहासिक कीर्तिमान दर्ज हैं। वह टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। 2 मई 2010 को टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेली थी। सुरेश रैना क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बने थे।

2011 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यादगार पारी:
2011 के वनडे वर्ल्ड कप में सुरेश रैना ने नॉकआउट दौर में अपनी अहमियत साबित की। क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने नाबाद 34 रन की जुझारू पारी खेली। भारत को 261 रन का लक्ष्य मिला था और टीम 187 रन पर पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। ऐसे समय में Suresh Raina ने युवराज सिंह (57 नाबाद) के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की और भारत को जीत दिलाई।
Suresh Raina: 33 साल की उम्र में संन्यास लेकर चौंकाया:
सुरेश रैना ने 15 अगस्त 2020 को महज 33 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेकर फैंस को चौंका दिया। उन्होंने पूर्व कप्तान एमएस धोनी के संन्यास के ऐलान के कुछ ही देर बाद अपना फैसला सुनाया। भारतीय क्रिकेट में धोनी और रैना की दोस्ती को जय-वीरू की जोड़ी कहा जाता था। एक ही दिन दोनों दिग्गजों के रिटायरमेंट से फैंस को बड़ा झटका लगा।
Suresh Raina का इंटरनेशनल करियर और उपलब्धियां:
सुरेश रैना ने अपने इंटरनेशनल करियर में भारत के लिए कुल 226 वनडे, 78 टी-20 और 18 टेस्ट मैच खेले। उन्होंने 226 वनडे मैचों में 35.31 की औसत से 5,615 रन बनाए। वहीं 78 टी-20 मुकाबलों में उन्होंने 134.87 के स्ट्राइक रेट से 1,605 रन जोड़े। 18 टेस्ट मैचों में उनके नाम 768 रन दर्ज हैं।
तीनों फॉर्मेट को मिलाकर सुरेश रैना ने कुल 7 शतक और 48 अर्धशतक लगाए। फील्डिंग में भी उनकी फुर्ती और शानदार कैचिंग ने उन्हें खास पहचान दिलाई। वह 2011 वनडे वर्ल्ड कप के अलावा 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और टीम भावना के कारण सुरेश रैना हमेशा याद किए जाएंगे।
Tag: #nextindiatimes #SureshRaina #cricket



