Election 2027: ‘तीन डिजिट से कम मंजूर नहीं’, सीट बंटवारे पर सपा को कांग्रेस का अल्टीमेटम

Election 2027

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव यानी Election 2027 की सरगर्मियों के बीच विपक्षी खेमे में सब कुछ ठीक नजर नहीं आ रहा है। गुरुवार को लखनऊ में प्रस्तावित ‘संविधान बचाओ यात्रा’ की तैयारियों को लेकर जुटे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर बेहद नाराज दिखाई दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें-UP Election: यूपी में चुनाव कराने में कितना आता है खर्च, होश उड़ा देंगे आंकड़े

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की तीखी प्रतिक्रिया के बाद अब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का भी गुस्से वाला बयान सामने आया है, जिसने प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है।

Election 2027: सपा की उम्मीदवारों की लिस्ट पर भड़के राजेंद्र पाल गौतम

समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की सीटों की संख्या पर अंतिम सहमति बनने से पहले ही सपा की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर राजेंद्र पाल गौतम ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि सीटों की घोषणा कभी भी की जा सकती है, लेकिन समाजवादी पार्टी को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में इस तरह की एकतरफा कार्रवाई से बचना चाहिए था।

गौतम ने सपा के इस कदम को बेहद गैर-जिम्मेदाराना रवैया करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दोनों सहयोगी दलों के बीच गठबंधन को लेकर गंभीर बातचीत चल रही है, तो ऐसे समय में पांच उम्मीदवारों की पहली सूची आखिर क्यों जारी की गई। उनके अनुसार, गठबंधन धर्म में पारदर्शिता और आपसी समन्वय सबसे जरूरी होता है, जिसकी यहां अनदेखी की गई है।

Election 2027: 26 सीटों की अटकलों को किया खारिज, रखी तीन डिजिट की शर्त

Election 2027 के लिए चल रही चर्चाओं के बीच मीडिया में ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को महज 26 सीटें देने पर विचार कर रही है। इन अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने स्पष्ट किया कि 26 सीटों जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि दोनों दलों के बीच अभी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर बातचीत का दौर जारी है और यह तय हुआ था कि बातचीत अंतिम रूप लेने के बाद ही सार्वजनिक रूप से इसकी जानकारी दी जाएगी।

Election 2027

कांग्रेस प्रभारी ने गठबंधन को लेकर पार्टी का रुख दो टूक शब्दों में साफ करते हुए कहा कि कांग्रेस चाहती है कि समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन हो, लेकिन यह पूरी तरह सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा कि कांग्रेस में किसी तरह की तानाशाही नहीं चलती है और सीट के बंटवारे में सिर्फ तीन डिजिट (यानी कम से कम 100 या उससे अधिक सीटों) पर ही बात बनेगी।

Election 2027: इमरान मसूद की नाराजगी को बताया जायज

राजेंद्र पाल गौतम ने आगे कहा कि उन्हें इस बात पर भी संदेह है कि समाजवादी पार्टी वास्तव में गठबंधन करना चाहती है या नहीं, हालांकि कांग्रेस की मंशा साफ है कि दोनों दल सम्मान के साथ मिलकर चुनाव लड़ें। इसके साथ ही उन्होंने सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद की नाराजगी का भी खुलकर समर्थन किया।

गौतम ने कहा कि इमरान मसूद की नाराजगी अपनी जगह बिल्कुल सही है, क्योंकि वे उसी क्षेत्र से सांसद हैं जहां से समाजवादी पार्टी ने बिना सहमति के अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। इसके अलावा, मसूद कांग्रेस की उस महत्वपूर्ण पांच सदस्यीय कमेटी के भी सदस्य हैं, जिसे Election 2027 के लिए सीटों की संख्या और प्रत्याशियों के नाम तय करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में उनकी अनदेखी करना कांग्रेस नेतृत्व को बिल्कुल रास नहीं आ रहा है।

Tag: #nextindiatimes #Election2027 #congress #SP