एंटरटेनमेंट डेस्क। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण (Ramayan) ने सिनेमाघरों में रिलीज के बाद से ही कमाई के कई बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं। हालांकि, रिलीज के तीसरे सोमवार को बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन की रफ्तार कुछ धीमी पड़ने के बाद मेकर्स ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है।
यह भी पढ़ें-Ramayana के ‘दशरथ’ बनने के लिए 3 महीने बाद माने थे अरुण गोविल, ये थी वजह
मेकर्स ने Ramayan के टिकट के दामों में भारी कटौती करने की घोषणा की है। देशभर के कई थियेटर्स में अब इस फिल्म के टिकट मात्र 99 रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध कराए गए हैं। इस फैसले से कई शहरों और सिनेमाघरों में टिकट की कीमतों में 50 से 80 प्रतिशत तक की बड़ी कमी आई है। लगभग तीन हफ्ते से सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही इस फिल्म ने अब तक भारत में करीब 955 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन और दुनियाभर में 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
टिकटों के दामों में क्यों की गई यह बड़ी कटौती?
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों पर नजर डालें तो रिलीज के तीसरे सोमवार यानी 23 नवंबर को Ramayan के दैनिक कलेक्शन में तेज गिरावट दर्ज की गई। उस दिन फिल्म का कलेक्शन घटकर 12.70 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले दिन की तुलना में करीब 64 प्रतिशत कम था। इसके अलावा यह आंकड़ा फिल्म के सबसे बड़े दिन यानी पहले सोमवार के 107.50 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक प्रदर्शन से लगभग 89 प्रतिशत नीचे रहा।
https://www.instagram.com/p/DgF3YBIxUpk/?utm_source=ig_embed&ig_rid=AfyIxCr4ft0x4Xr33d0a-HF
इसी धीमी पड़ती रफ्तार को संभालने और ज्यादा से ज्यादा परिवारों को थियेटर तक लाने के लिए Ramayan के मेकर्स ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गुरुपर्व के शुभ अवसर पर 99 रुपये से टिकट शुरू होने का ऐलान किया। प्रमुख टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर दिख रही जानकारी के अनुसार, यह घटी हुई दरें केवल मंगलवार तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे हफ्ते के लिए लागू रहेंगी। इससे उन दर्शकों को बड़ा फायदा मिलेगा जो महंगे टिकटों के कारण अब तक फिल्म नहीं देख पाए थे।
मेट्रो सिटीज और प्रीमियम फॉर्मेट में क्या हैं नए दाम?
टिकटों की कीमतों में हुई इस कटौती का सीधा असर बड़े शहरों में भी देखने को मिल रहा है। मुंबई और दिल्ली जैसे मेट्रो सिटीज में जहां सामान्य 2डी (2D) शो के टिकट पहले 300 से 400 रुपये तक बिक रहे थे, वहां अब कई सिनेमाघरों में महज 99 रुपये में टिकट मिल रहे हैं। हालांकि, प्रीमियम सीटों जैसे रिक्लाइनर के दाम अभी भी अपेक्षाकृत अधिक हैं और ये करीब 199 से 249 रुपये के दायरे में रखे गए हैं।
इसके साथ ही रणबीर कपूर की Ramayan के थ्रीडी (3D) शो के टिकट मुंबई और दिल्ली में 119 से 249 रुपये के बीच उपलब्ध हैं, जो पहले 500 रुपये से ज्यादा हुआ करते थे। वहीं कुछ चुनिंदा शोज पर आईमैक्स थ्रीडी (IMAX 3D) के टिकट घटकर 250 रुपये तक आ गए हैं, जबकि कई प्रीमियम शोज पर इनके दाम अभी भी 700 से 800 रुपये के आसपास बने हुए हैं।

1000 करोड़ के ऐतिहासिक क्लब से बस एक कदम दूर
Ramayan के पहले पार्ट ने रिलीज के 19वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ दिखाते हुए वर्ल्डवाइड स्तर पर 1700 करोड़ रुपये का विशाल पड़ाव पार कर लिया है। भले ही तीसरे सोमवार को दैनिक कमाई में गिरावट देखने को मिली हो, लेकिन फिल्म की कुल रफ्तार अभी भी भारतीय सिनेमा की कई बड़ी फिल्मों के लिए कड़ी चुनौती बनी हुई है।
घरेलू बॉक्स ऑफिस की बात करें तो भारत में Ramayan का कुल नेट कलेक्शन 955.45 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस तरह यह फिल्म भारत में 1 हजार करोड़ रुपये के ऐतिहासिक आंकड़े को छूने से महज 44.55 करोड़ रुपये दूर है। ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि 99 रुपये वाले इस खास ऑफर के बाद आने वाले दिनों में दर्शकों की दिलचस्पी फिर बढ़ेगी और फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक और नया कीर्तिमान स्थापित कर सकती है।
Tag: #nextindiatimes #Ramayan #rabirkapoor



