युवक को बुलाने की जिद पर टावर पर चढ़ी किशोरी, मचा हड़कंप

सिद्धार्थनगर। Siddharthnagar जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बैदौला चौराहे पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक 15 वर्षीय किशोरी अचानक मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। टावर पर चढ़ी किशोरी को देखने के लिए वहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयासों में जुट गया।

यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में हाईटेंशन टॉवर से लटका मिला युवक का शव, मचा हड़कंप

प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला:

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। किशोरी की जिद है कि वह किसी विशेष युवक को मौके पर बुलाना चाहती है और उसी के आने के बाद ही वह टावर से नीचे उतरेगी। प्रशासन और पुलिस लगातार उसे समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

परिजनों ने दी जानकारी:

किशोरी के पिता साजन ने बताया कि उनकी बेटी का नाम उमा है

और वह डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बरई बंगवा गांव की रहने वाली है।

परिजन सुबह से ही उसकी लगातार तलाश कर रहे थे,

तभी उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी बैदौला चौराहे पर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ी हुई है।

पिता के मुताबिक, उमा इंस्टाग्राम के जरिए किसी युवक से बातचीत करती थी, हालांकि परिजनों को उस युवक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि बीते दिन पुलिस ने उनकी बेटी को बड़े चौराहे पर एक युवक के साथ पकड़ा था, जिसके बाद परिजन उसे समझा-बुझाकर घर ले आए थे। पिता ने अपनी बेटी से सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की है।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #tower