क्या शहद के साथ नींबू-पानी पीने से वाकई कम होता है वजन, देखें क्या है सच?

हेल्थ डेस्क। वजन बढ़ना मौजूदा समय की सबसे आम समस्याओं में से एक है। इसे डायबिटीज से लेकर हाई ब्लड प्रेशर, मेटाबॉलिज्म से लेकर कैंसर जैसी समस्याओं तक के लिए जिम्मेदार माना जाता है। मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि 25 से ज्यादा बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) होना आपकी सेहत के लिए अच्छे संकेत नहीं है। अगर आपका वजन भी बढ़ा हुआ है तो इसे कंट्रोल करना बहुत जरूरी है।

यह भी पढ़ें-नारियल पानी या छाछ? पढ़ें आपकी सेहत के लिए क्या है ज्यादा फायदेमंद

वेट लॉस के लिए लोग तरह-तरह के उपाय करते हैं। डाइटिंग से लेकर रनिंग-एक्सरसाइज तक, लोग कई सारे तरीके अपनाते हैं। इसी तरह सुबह नींबू-पानी (lemon water) और शहद का सेवन करना भी काफी लोकप्रिय उपाय रहा है। दावा किया जाता है कि यह ड्रिंक शरीर को डिटॉक्स करती है, मेटाबॉलिज्म तेज करती है, पेट की चर्बी पिघलाती है और कुछ ही दिनों में वजन कम करने लगती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, नींबू-पानी और शहद के कई लाभ हो सकते हैं। नींबू में विटामिन सी और दूसरे पौधों से मिलने वाले यौगिक होते हैं, जबकि शहद में कुछ जैविक गुण पाए जाते हैं। लेकिन इन दोनों को पानी में मिलाकर पीने से शरीर में जमा अतिरिक्त फैट सीधे पिघलने लगता है, ऐसा साबित करने वाला मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।

नींबू पानी सीधे तौर पर वेट लॉस करने में मदद करती है, इसका मेडिकल रिपोर्ट्स में कोई प्रमाण नहीं मिलता है। ये आपके कैलोरी इंटेक को थोड़ा कंट्रोल जरूर कर सकती है, जिसे वेट लॉस के लिए जरूरी माना जाता है। इस ड्रिंक में कैलोरी बहुत कम होती है, ऐसे में ये आपके दिन की कुल कैलोरी को कंट्रोल करने में मदद जरूर कर सकती है। नींबू पानी शरीर में पानी की कमी को पूरा करती है। ये मेटाबॉलिज्म को बढ़ाकर और खाने से पहले पेट भरा हुआ महसूस कराकर आपको ज्यादा खाने से बचा सकती है।

शहद को अक्सर प्राकृतिक और हेल्दी स्वीटनर माना जाता है। हालांकि इसमें कैलोरी की भी मात्रा अधिक हो सकती है। इसलिए अगर वजन कम करना है तो रोज नींबू पानी में ज्यादा शहद डालना उल्टा कैलोरी बढ़ा सकता है। वजन घटाने के लिए नींबू पानी को बिना शहद या बहुत कम मात्रा में शहद लिया जाए तो ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।

Tag: #nextindiatimes #lemonwater #Health