14 C
Lucknow
Tuesday, February 10, 2026

सिद्धार्थनगर में युवक की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर। Siddharthnagar जिले के थाना खेसरहा क्षेत्र के बनुहिया बुजुर्ग गांव में हुए युवक मनोज कुमार हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, रॉड से सिर पर किए ताबड़तोड़ 5 वार

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनिल यादव पुत्र गोल्हई, चैतू यादव पुत्र चिनक यादव, सुजीत यादव पुत्र अनिल यादव और कलावती पत्नी अनिल यादव के रूप में हुई है। ये सभी बनुहिया बुजुर्ग गांव के निवासी हैं। सभी अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लगभग 20-22 दिन पहले मृतक मनोज और सह-अभियुक्त हरिओम के बीच ई-रिक्शा की टक्कर को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते हरिओम ने अपने पिता अनिल और भाई सुजीत को मुंबई से बुलाकर परिवार के साथ मिलकर मनोज की हत्या की योजना बनाई। 7 फरवरी को उन्होंने मनोज के सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। अस्पताल ले जाते समय मनोज की मौत हो गई थी।

अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल बरामद की गई। पीड़ित परिवार की सुमित्रा देवी की तहरीर पर खेसरहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की थी।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #MurderCase #Crime

RELATED ARTICLE

close button