सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर (Siddharthnagar) जिले के डुमरियागंज में आम आदमी पार्टी ने स्थानीय मुद्दों को लेकर पदयात्रा निकाली। ‘नफ़रत मिटाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा में पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी शामिल हुए। डुमरियागंज में आप नेता इमरान लतीफ की अगुवाई में बेवा चौराहे से पदयात्रा की शुरुआत हुई और ये पद यात्रा डुमारियागंज के कन्या इंटर कॉलेज में इसका समापन हुआ।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में फिर से वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का मामला आया सामने, गहराया विवाद
इस ‘नफ़रत मिटाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में झंडे और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे। पदयात्रा के जरिए स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की गई। मीडिया से बात करते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि “यह देश किसी बाबा के फरमान से नहीं चलेगा, देश और प्रदेश बाबा साहब के संविधान से चलेगा। हम डुमरियागंज को नफरत की प्रयोगशाला नहीं बनने देंगे।”

आपको बता दें कि डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में पिछले दिनों जनसंपर्क के दौरान इंजीनियर इमरान लतीफ ने कहा था कि देश का संविधान हमारी लोकतांत्रिक आत्मा है। इसे बचाने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से नफ़रत और विभाजन की राजनीति को नकारने की अपील की।
लतीफ ने संविधान के मूल्यों—समता, स्वतंत्रता और भाईचारे को मजबूत करने के लिए पदयात्रा और जनसभा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया था। उन्होंने यह भी बताया कि आम आदमी पार्टी जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है और जनता की आवाज को सड़क से संसद तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #AAP




