29 C
Lucknow
Sunday, March 29, 2026

प्रेमिका को बुलाने की जिद में टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

सिद्धार्थनगर। जनपद के थाना इटवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुफेड़िया में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक युवक प्रेम प्रसंग के विवाद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब चार घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की सूझबूझ और धैर्यपूर्ण प्रयासों से युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

यह भी पढ़ें-“सरकार ने जनता को हर चीज के लिए लाइन में खड़ा कर दिया”, सिद्धार्थनगर में बोले संजय सिंह

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम दुफेड़िया निवासी जितेंद्र पुत्र कृष्ण वर्मा का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब डेढ़ महीने पूर्व वह युवती को लेकर मुंबई चला गया था। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच बाद में समझौता हो गया और परिजन दोनों को वापस लेकर आए, जिसके बाद युवक को घर भेज दिया गया था।

बताया जा रहा है कि समझौते के बावजूद युवक अपनी प्रेमिका से अलगाव बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था। इसी मानसिक स्थिति में सुबह करीब 5 बजे वह गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। Tower पर चढ़ने के बाद युवक ने खुद अपने मोबाइल फोन से डायल 112 पर कई बार कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिससे पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना इटवा पुलिस को अवगत कराया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्राधिकारी इटवा पवीन प्रकाश एवं एसडीएम इटवा कुणाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

टावर की ऊंचाई और युवक की जिद को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती थी। युवक लगातार अपनी प्रेमिका को मुंबई से बुलाने की मांग करता रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील हो गई। करीब चार घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस व प्रशासन के अधिकारी बारी-बारी से युवक को समझाते रहे। काफी समझाने-बुझाने, धैर्य और रणनीति के बाद अंततः युवक मान गया और सुरक्षित नीचे उतर आया।

युवक के नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #Police

RELATED ARTICLE

close button