सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर में फिल्म Yadav Ji Ki Love Story के विरोध में यादव समाज के सैकड़ों लोगों ने जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म को समाज विरोधी बताते हुए इस पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर नारेबाजी से गूंज उठा।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: टीचर को मिला 2 करोड़ रु. टैक्स का नोटिस, पैन कार्ड से दो फर्में पंजीकृत
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मृदुल तिवारी और प्रगति तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म समाज में नफरत और वैमनस्यता फैला रही है। उनका कहना है कि फिल्म की कहानी में यादव समाज की छवि को गलत तरीके से दिखाया गया है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है।
कलेक्ट्रेट परिसर में जुटे लोगों ने “यादव मूवी बंद करो” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि फिल्म को रिलीज किया गया या किसी भी सिनेमा हॉल में प्रदर्शित किया गया, तो यादव समाज इसका कड़ा विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि समाज अपने सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगा और जरूरत पड़ने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी बताया कि यह आंदोलन केवल सिद्धार्थनगर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे प्रदेश और देश में यादव समाज के लोग इस फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। उनका आरोप है कि फिल्म के माध्यम से समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि फिल्म में यादव लड़की और मुस्लिम युवक के बीच प्रेम प्रसंग को जिस तरह दर्शाया गया है, उससे समाज में भ्रम और तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #YadavJiKiLoveStory




