स्पोर्ट्स डेस्क। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं बल्कि करोड़ों रुपये की इनामी राशि भी दांव पर लगी है। इस बार आईसीसी ने टूर्नामेंट की प्राइज मनी को रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ा दिया है, जिससे सभी टीमों को बड़ा आर्थिक फायदा होगा।
यह भी पढ़ें-T20 World Cup 2026 में अब तक बने कितने रन, लगे इतने चौके-छक्के
आईसीसी ने T20 World Cup 2026 के लिए कुल 13.5 मिलियन डॉलर (करीब 120 करोड़ रुपये से ज्यादा) की इनामी राशि तय की है। यह 2024 के मुकाबले लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है। भारत और श्रीलंका में आयोजित इस टूर्नामेंट को लेकर प्रसारण और स्पॉन्सरशिप से भारी कमाई हुई है, जिसकी वजह से प्राइज पूल भी बढ़ाया गया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली टीम को 3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 27.48 करोड़ रुपये मिलेंगे। वहीं फाइनल हारने वाली टीम भी खाली हाथ नहीं जाएगी। उपविजेता टीम को 1.6 मिलियन डॉलर यानी करीब 14.65 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी। आईसीसी ने इस बार सिर्फ फाइनलिस्ट ही नहीं बल्कि बाकी टीमों के लिए भी अच्छा इनाम तय किया है।

सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 7.24 करोड़ रुपये (790,000 डॉलर) मिलेंगे. वहीं सुपर-8 में पहुंचने वाली टीमों को भी अच्छी खासी रकम मिलेगी। इन टीमों को लगभग 3.48 करोड़ रुपये (380,000 डॉलर) की इनामी राशि दी जाएगी। टी20 वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया था। जो टीमें ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकीं, उन्हें भी खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा। ऐसी टीमों को करीब 2.29 करोड़ रुपये (250,000 डॉलर) दिए जाएंगे। फिलहाल अब सबकी नजरें टी20 वर्ल्ड कप 2026 अहमदाबाद के फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं।
Tag: #nextindiatimes #T20WorldCup2026 #INDvsNZ #ICC




