सिद्धार्थनगर। जिले में इंटरमीडिएट परीक्षा (examination) के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया।इंटरमीडिएट परीक्षा देने पहुंचे एक छात्र की परीक्षा केंद्र के गेट पर गिरकर मौत हो गई। इस घटना ने स्कूल प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी, CCTV की निगरानी में होंगे एग्जाम
थाना चिल्हिया क्षेत्र के ग्राम बभनी, पोस्ट उदयराज निवासी रवि यादव पुत्र राधेश्याम यादव बुधवार को करौंदा नानकार स्थित गायत्री पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर कक्षा 12 की परीक्षा देने पहुंचा था। वह दूसरे शिफ्ट की परीक्षा के लिए निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचा था।
जैसे ही रवि स्कूल के मुख्य गेट पर पहुंचा, उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। यह देखकर वहां मौजूद छात्र और अन्य लोग घबरा गए। हालांकि, उस समय स्कूल प्रशासन की ओर से तत्काल कोई ठोस पहल नहीं की गई। परीक्षा केंद्र पर पुलिसकर्मी भी तैनात थे, लेकिन किसी ने भी तत्काल जिम्मेदारी निभाने की पहल नहीं की।

स्थानीय लोगों और साथियों ने रवि यादव को तत्काल करौंदा नानकार स्थित एक निजी क्लीनिक पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन और साथ के लोग उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रवि यादव को मृत घोषित कर दिया। रवि यादव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर के बाद परिवार में गहरा सदमा है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #UPBoardexamination #Siddharthnagar




