सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर के पथरा बाजार थाना क्षेत्र के बसडीला मोदीनानकार गांव में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गांव के ही निवासी अशफाक पर उसके ही गांव के समीर अहमद अंसारी ने देर रात करीब 10:30–11:00 बजे चाकू (Knife) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अशफाक गंभीर रूप से घायल हो गया, यहां तक कि पेट की आंत बाहर निकल आई, जिससे हालत नाजुक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें-प्रेमिका को बुलाने की जिद में टावर पर चढ़ा युवक, 4 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
बताया गया कि आरोपी पहले अशफाक के घर पहुंचा और उसके बारे में पूछताछ की। इसके बाद वह वापस चला गया और गांव के पोखरे के पास घात लगाकर अशफाक पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने अशफाक के पेट पर कई वार किए, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गईं। वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए बस्ती के एक निजी अस्पताल ले गए।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अशफाक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कृष्णा मिशन हॉस्पिटल रेफर कर दिया। कृष्णा मिशन हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी समीर अहमद अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि यह एक गंभीर मामला है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #Crime




