सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति की Siddharth Nagar में धज्जियां उड़ गई हैं। शोहरतगढ़ तहसील से भ्रष्टाचार की एक सनसनीखेज तस्वीर सामने आई है। यहां एसडीएम न्यायालय में तैनात एक पेशकार का खुलेआम फरियादियों से पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद तहसील परिसर से लेकर जिला मुख्यालय तक हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़ें-अन्नदाता पर कहर! खाद लेने गए किसान को सचिव और गुर्गों ने जमकर पीटा
वीडियो में एसडीएम कोर्ट में तैनात पेशकार राजेन्द्र प्रसाद कथित तौर पर फरियादियों से नकदी लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि न्यायालय परिसर के भीतर ही फाइलों को आगे बढ़ाने या राहत पाने के नाम पर वसूली का यह खेल बिना किसी डर के चल रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
फरियादियों का कहना है कि तहसील के सरकारी दफ्तरों में बिना ‘सुविधा शुल्क’ दिए काम कराना मुमकिन नहीं है। लोगों ने सवाल उठाया है कि अगर न्याय के मंदिर (एसडीएम कोर्ट) में भी रिश्वतखोरी होगी तो एक गरीब और लाचार आदमी इंसाफ के लिए कहाँ जाएगा।

मामला तूल पकड़ते ही प्रशासन ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी है। एसडीएम शोहरतगढ़ विवेकानंद मिश्र ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि, “वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि आरोपी पेशकार राजेन्द्र प्रसाद पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” यह पहला मौका नहीं है जब किसी सरकारी कार्यालय से ऐसा वीडियो सामने आया हो, लेकिन एसडीएम कोर्ट जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय में इस तरह की घटना प्रशासनिक निगरानी पर बड़े सवाल खड़े करती है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #Corruption




