सिद्धार्थनगर। Siddharthnagar में घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा टल गया। ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर मदरहिया गांव के पास एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में मैजिक वाहन और मदरसे की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। मदरसे की बस में करीब 38 स्कूली बच्चे सवार थे।
यह भी पढ़ें-SIR के चक्कर में गई एक और बीएलओ की जान, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है, जब मदरहिया गांव के पास नेशनल हाईवे पर घना कोहरा छाया हुआ था। अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में पहले मैजिक वाहन और फिर पीछे चल रही मदरसे की बस का संतुलन बिगड़ गया। दोनों वाहन सड़क किनारे पलट गए। हादसे में मदरसे के 18 बच्चों को चोटें आईं, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से 6 बच्चों को मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सभी बच्चों का इलाज जारी है और अधिकांश की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा दृश्यता कम होने और साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में हुआ। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी, जिन्होंने बचाव कार्य में पुलिस की मदद की। प्रशासन ने लोगों से धुंध के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम विवेकानंद मिश्रा और सीएमओ डॉ. रजत कुमार चौरसिया मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।ढेबरुआ थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय रूप से जुटे रहे।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #Accident




