सिद्धार्थनगर। पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। ईरान की ओर से दागी जा रही मिसाइलों और उसके सहयोगी संगठनों हमास तथा यमन के हूती विद्रोहियों के हमलों से Israel के कई शहर दहशत में हैं। सायरनों की आवाज और आसमान में धमाकों की गूंज के बीच आम लोग बंकरों में शरण लेने को मजबूर हैं।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में सपा नेता पर जानलेवा हमला, BJP नेता पर लगा गंभीर आरोप
इसी बीच जनपद सिद्धार्थनगर के निवासी शिवा सिंह, जो इजराइल में सुपरवाइजर पद पर कार्यरत हैं, ने वहां के भयावह हालात बयां किए। उन्होंने बताया कि वह इस समय इजराइल के प्रमुख शहर पेटाह टिक्वा में 12 भारतीय नागरिकों के साथ सुरक्षित बंकर में रह रहे हैं। शिवा सिंह ने बताया, “यहां हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। हर कुछ मिनट में सायरन बज उठता है, जिसके बाद हमें तुरंत सुरक्षित बंकर में जाना पड़ता है। कई बार रात में भी अचानक सायरन बजने लगता है, जिससे नींद तक नहीं आ पाती। आसमान में मिसाइलें और उन्हें रोकने वाली इंटरसेप्टर मिसाइलें साफ दिखाई देती हैं। हर धमाके के साथ दिल की धड़कन तेज हो जाती है।”

उन्होंने बताया कि इजराइल प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं और सभी विदेशी नागरिकों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। शिवा सिंह के साथ बंकर में भारत के विभिन्न राज्यों के नागरिक मौजूद हैं। इनमें अजीत चौहान और सुरेश (बलिया, उत्तर प्रदेश), राकेश प्रजापति (बिहार), मनदीप (हरियाणा), अजय और राजेश (हैदराबाद), अक्षय (गुजरात), रिगान, प्रशांत, मिल्टन और तुषार (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं।
इसके अलावा पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक भी उसी बंकर में सुरक्षित रखे गए हैं। सभी लोग मिलकर एक-दूसरे का हौसला बढ़ा रहे हैं और सुरक्षित रहने की कोशिश कर रहे हैं। सिद्धार्थनगर में शिवा सिंह के परिवार और अन्य भारतीय नागरिकों के परिजन भी लगातार संपर्क में हैं। परिवार के लोग टीवी और सोशल मीडिया पर खबरें देखकर चिंतित हैं, लेकिन शिवा सिंह ने उन्हें आश्वस्त किया है कि वह सुरक्षित स्थान पर हैं।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Israel #Siddharthnagar




