37.2 C
Lucknow
Thursday, March 12, 2026

सास और साले की प्रताड़ना से आहत युवक ने लगा ली फांसी, जांच शुरू

सिद्धार्थनगर। Siddharthnagar के डुमरियागंज कस्बे से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां सास और साले की कथित प्रताड़ना से आहत होकर एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है,परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में गैस सिलेंडर की किल्लत, नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

मामला डुमरियागंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 कृष्णा नगर का है। यहां रहने वाले लगभग 30 वर्षीय अबराक की शादी करीब एक वर्ष पहले वासा गांव में हुई थी। परिजनों के अनुसार मृतक की पत्नी हुदा अक्सर मायके जाने को लेकर पति से विवाद करती थी और अपने भाई को बुलाकर मायके चली जाती थी। करीब तीन महीने पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद थाने में समझौता कराया गया था। इसके बाद पत्नी अपने भाई के साथ मायके चली गई, जबकि युवक काम करने के लिए मुंबई चला गया।

मृतक के भाई मोहम्मद शमशाद का आरोप है कि सास और साले अक्सर उसके भाई को प्रताड़ित करते थे। हाल ही में ससुराल पक्ष ने फोन कर युवक को मुंबई से बुलाया और बताया कि उसकी पत्नी की डिलीवरी होने वाली है। युवक के आने के बाद अस्पताल में डिलीवरी हुई, लेकिन इसके बाद फिर से विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान सास और साले ने युवक के साथ मारपीट और झगड़ा किया। किसी तरह वह अपने घर वापस आया लेकिन ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से आहत होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही डुमरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #crime

RELATED ARTICLE

close button