सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर के इटवा तहसील क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मतदाता सूची (Voter List) में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का गंभीर आरोप लगा है। मामला ग्राम रेहरा उर्फ भैसाही और भरभर साथा से जुड़ा है, जहां सैकड़ों मतदाताओं के नाम अचानक सूची से गायब कर दिए गए।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: कुर्की करने गए संग्रह अमीन के साथ मारपीट, वीडियो वायरल
इटवा तहसील क्षेत्र के बूथ संख्या 238, 241 और 242 में लगभग 170 मतदाताओं के नाम सूची से काटे जाने का मामला उजागर हुआ है। हैरानी की बात यह है कि जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए, वे सभी जीवित और वर्तमान निवासी हैं। बिना किसी पूर्व सूचना के नाम काटे जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। आक्रोशित ग्रामीणों ने इस पूरे मामले को लेकर मिश्रौलिया थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से छेड़छाड़ करार दिया।

ग्रामीणों का साफ आरोप है कि यह गड़बड़ी सोची–समझी साजिश के तहत की गई है। जांच में सामने आया कि मतदाताओं के नाम हटाने के लिए धर्मेंद्र मौर्या नामक व्यक्ति द्वारा फार्म-7 जमा कराया गया था लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात तब सामने आई, जब संबंधित बीएलओ पुजारी प्रसाद यादव ने बयान दिया कि “फार्म-7 धर्मेंद्र मौर्या ने दिया, लेकिन वह कौन है, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है।”
अब सवाल यह उठता है कि जब बीएलओ को ही आवेदनकर्ता की जानकारी नहीं, तो आखिर सैकड़ों नाम कैसे काट दिए गए? पूरा मामला प्रशासनिक लापरवाही या किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। फिलहाल ग्रामीण इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। देखना होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #VoterList #Siddharthnagar




