यूपी में आंधी-बारिश की चेतावनी, जानें किस दिन दस्तक देगा मॉनसून

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली, नोएडा और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग आज सुबह उठे तो आसमान थोड़ा पीला-पीला दिखा। चारों तरफ धूल ही धूल थी। धूलभरी आंधी चली तो लोग परेशान हो गए। मौसम विभाग ने यूपी में अगले दो दिनों में आंधी व बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने जारी किए गए येलो अलर्ट में श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच व आसपास के जिलों को शामिल किया है। यहां पर 30 से 40 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, बारिश और बिजली की चेतावनी जारी की है। वहीं शाम को जारी बुलेटिन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 और 17 मई को धूल भरी तेज हवाएं चलने के आसार जताए हैं। साथ ही प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।
बता दें दिल्ली में पिछले चार दिन से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि शाम तक थोड़े बादल आ जाएंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने से थोड़ी राहत मिल सकती है। रविवार तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे पहले सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस समय सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
इस बार भारत में मॉनसून के आगमन में थोड़ा विलंब हो सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस बार केरल में दक्षिण पश्चिम मॉनसून पहुंचने में देरी हो सकती है। मॉनसून का देशभर में इंतजार रहता है क्योंकि बारिश की फुहारों से न सिर्फ लोगों को गर्मी से राहत मिलती है बल्कि खेती-किसानी भी उस पर निर्भर रहती है। जैसे-जैसे मॉनसून उत्तर की तरफ बढ़ता है, मौसम बदलता जाता है। केरल में मॉनसून पहुंचने की तारीख 1 जून है और इसमें 7 दिनों का उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। इस बार केरल में मॉनसून 4 जून को दस्तक दे सकता है।
Tag: #nextindiatimes #monsoon #weather #alert #thunderstorm