आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे सिद्धारमैया, मेहमानों का आना हुआ शुरू

कर्नाटक। कर्नाटक में विधानसभा चुनावों में मिली जीत के ठीक एक हफ्ते बाद सिद्धरमैया शनिवार को यहां दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। उनके साथ डी. के. शिवकुमार उपमुख्यमंत्री और कुछ दूसरे विधायक मंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। यहां श्री कांतीरवा स्टेडियम में शिवकुमार ने खुद शपथ ग्रहण समारोह के लिए चल रही तैयारियों का जायजा लिया।

राज्यपाल थावरचंद गहलोत मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल को दोपहर 12:30 बजे कांतीरवा स्टेडियम में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसी स्टेडियम में सिद्धरमैया ने 2013 में पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। कांग्रेस अध्यक्ष एम. मल्लिकार्जुन खरगे ने समान विचारधारा वाले कई दलों के नेताओं को शपथ-ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है। देश में 2024 के लोकसभा चुनावों में सत्तारूढ़ BJP से मुकाबले के लिए एकता के प्रयासों के बीच यह आयोजन विपक्षी दलों के लिए शक्ति प्रदर्शन का अवसर बन सकता है।

कर्नाटक में शपथ ग्रहण समारोह से पहले जश्न का माहौल है। सिद्धारमैया मुख्यमंत्री की शपथ लेने जा रहे हैं। वहीं डीके शिवकुमार कर्नाटक के डिप्टी सीएम बनेंगे। इस दौरान बैंगलोर में जश्न का माहौल है। पूरा शहर पोस्टर्स से पटा पड़ा है। सूरजमुखीनुमा पोस्टर्स लगाए गए हैं, जिनके बीच में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को चेहरे लगाए गए हैं।

बेंगलुरु में कर्नाटक के भावी मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आवास के बाहर पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाया जा रहा है। सिद्धारमैया के समर्थक शपथ ग्रहण समारोह से पहले उनके आवास के बाहर इकट्ठा हैं। कर्नाटक में 34 मंत्रियों के पोस्ट हैं। इसमें 10 मंत्री सिद्धारमैया खेमे के और 10 शिवकुमार के होंगे। इसके अलावा 10 मंत्री कांग्रेस अपने चुनकर बनाएगी। जो भी मंत्री, कर्नाटक के निगमों और बोर्डों में प्रमुख होंगे, सभी का कार्यकाल 30 महीने का ही होगा। 30 महीने के बाद सभी बदल दिए जाएंगे और फिर से नए सीएम, कैबिनेट मंत्री और पूरा मंत्रिमंडल का गठन होगा।

Tag: #nextindiatimes #Siddaramaiah #karnataka #cm #oath

Related Articles

Back to top button