शहनाज गिल को मिला निखिल आडवाणी का अगला प्रोजेक्ट, महिला प्रधान होगी फिल्म

मुंबई। बिग बॉस स्टार शहनाज गिल अपने करियर को संवारने में लगी हुई हैं। अपने बॉलीवुड डेब्यू से पहले ही शहनाज एक फिल्मफेयर अवॉर्ड जीत चुकी हैं। वह अवॉर्ड शो और अन्य कार्यक्रमों में अक्सर नजर आती हैं। सोशल मीडिया पर शहनाज की चर्चा लगातार बनी रहती है। वह सलमान खान की फिल्म से अपना डेब्यू करने जा रही हैं। इसके अलावा अब उन्हें निखिल आडवाणी की एक फिल्म के लिए भी कास्ट किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, शहनाज को निखिल आडवाणी की एक फिल्म में कास्ट किया गया है। यह एक महिला प्रधान फिल्म है। इस फिल्म में वाणी कपूर भी नजर आएंगी। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म में शामिल हर अभिनेत्री का एक अहम किरदार होगा। फिल्म की शूटिंग मार्च में भोपाल में शुरू होगी। शूटिंग से पहले शहनाज अपना अभिनय और निखारने के लिए ट्रेनिंग भी ले रही हैं। फिल्म का निर्देशन मिताक्षरा कुमार करेंगी।
शहनाज गिल सलमान की फल्म किसी का भाई किसी की जान में नजर आएंगी। इस फिल्म में सलमान की जोड़ी पहली बार पूजा हेगड़े के साथ बनी है, वहीं भूमिका चावला और भाग्यश्री भी इसका हिस्सा हैं। फिल्म में जस्सी गिल भी नजर आएंगे। बिग बॉस 16 में दिखे अब्दु रोजिक भी फिल्म में दिखेंगे। साउथ के सुपरस्टार वैंकटेश भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। फरहाज सामजी के निर्देशन में बनी यह फिल्म ईद के मौके पर रिलीज होगी।
शहनाज ने 2015 में म्यूजिक एल्बम शिव दी किताब से अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, इस एल्बम से उन्हें ज्यादा पहचान नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने मझे दी जट्टी और गैरी संधू के हौले-हौले में काम करके लोकप्रियता हासिल की। इसके बाद उन्होंने कई म्यूजिक वीडियो में काम किया और धीरे-धीरे पंजाब की कैटरीना कैफ कहलाई जाने लगीं। जल्द ही वह गुरु रंधावा के साथ एक म्यूजिक वीडियो में नजर आने वाली हैं।
बिग बॉस 13 से शहनाज की लोकप्रियता पंजाब से निकलकर पूरे देश में फैल गई। बिग बॉस के घर में वह अपने हंसमुख और चुलबुले अंदाज के लिए जानी जाती थीं। शो के दर्शकों में शहनाज का एक अलग ही प्रशंसक वर्ग था। शो में सिद्धार्थ शुक्ला के साथ उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया गया। दर्शकों ने प्यार से इस जोड़ी को सिडनाज नाम दिया। 2021 में सिद्धार्थ के निधन के बाद प्रशंसकों ने शहनाज को खूब प्यार दिया।
Tag: #nextindiatimes #film #bollywood #shahnazgill #movie #female #project