अब इस सपा नेता के घर चलेगा बुलडोजर, अवैध कब्जा हटाने में खुद जुटे परिजन

चित्रकूट। 10 फरवरी को जिला कारागार रगौली जेल के अंदर अब्बास अंसारी और पत्नी निखत अंसारी के गैरकानूनी भेंट का भंडाफोड़ के मामले में अब प्रशासन आरोपियों के घर बुलडोजर की कार्रवाई में जुट गया है। निखत अंसारी और अब्बास अंसारी को मिलाने व उनकी मदद के मामले में सपा जिला महासचिव फराज खान के घर बुलडोजर चलाने की तैयारी कर ली गई है।
सपा नेता फराज खान के पिता मुन्ने खां को विकास प्राधिकरण ने अवैध ढंग से घर बनाने के मामले में नोटिस देकर खुद अवैध कब्जा हटाने को 24 घंटे की मोहलत दी है। सपा नेता के परिजनों में हड़कंप मचा है। रविवार को पूर्वांचल के माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी के जिला जेल में बंद होने के बाद पत्नी निखत अंसारी जेल अधिकारियों से मिलीभगत कर गैरकानूनी ढंग से जेल के अंदर मिल रही थी। प्रशासन ने बीती 10 फरवरी को छापा मारकर निखत और अब्बास अंसारी के मिलनकांड का भंडाफोड़ किया था। निखत अंसारी की मदद करने वाले सपा नेता/जिला महासचिव फराज खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर 20 फरवरी को जेल भेज था। अब मिलनकांड मामले में प्रशासन ने सपा नेता के घर को बुलडोजर से गिराने की तैयारी कर ली है।
सपा नेता के शहर की पुरानी बाजार स्थित घर पर विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण का नोटिस देकर खुद अवैध कब्जा हटाने की 24 घंटे की मोहलत दी है। चेताया है कि प्रशासन के अवैध निर्माण हटवाने पर अतिरिक्त वसूली की जायेगी। सपा नेता के पिता मुन्ने खां ने कहा कि बेटे को राजनीति की वजह से फंसाया गया। प्राधिकरण ने नोटिस में सपा नेता के घर को चार फिट सड़क पर अवैध कब्जा कर बनाने का आरोप लगाया है। नोटिस मिलने पर सपा नेता के परिजनों में हड़कम्प है। सपा नेता के परिजन खुद ही दुकान का सामान हटाकर अवैध निर्माण को हटाने में जुट गए हैं।
इस मामले में सपा नेता के पिता मुन्ने खां ने रोते हुए कहा कि उसके बेटे को फंसाया गया है। उनके बेटे ने सिर्फ उसको रहने को घर दिलाया था। वह राजनीति करता था और राजनीति के चलते उसे फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि अब प्रशासन ने उनके घर पर अवैध निर्माण होने की नोटिस दी है, जबकि घर उसके बेटे के नाम ही नहीं है। अगर प्रशासन कह रहा है अवैध निर्माण हुआ है तो वह उस अवैध निर्माण को हटा लेंगे। वह प्रशासन से कुछ समय की मोहलत मांग रहे हैं। उन पर सख्ती न बरती जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार है।
Tag: #nextindiatimes #buldozer #nikhatbano #sp