…तो इसलिए सुपरस्टार रजनीकांत ने अपने से छोटे योगी आदित्यनाथ के छुए पैर

लखनऊ। साउथ सुपरस्टार रजनीकांत इन दिनों खासा चर्चा में हैं। उनकी फिल्म ‘जेलर’ पर्दे पर खूब धमाल मचा रही है। वह इसी सिलसिले में भारत भ्रमण करने पर निकले हैं। इस वक्त वह उत्तर प्रदेश की सैर कर रहे हैं। उन्होंने 19 अगस्त को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी।
उत्तर प्रदेश में सुपरस्टार रजनीकांत और सीएम योगी आदित्यनाथ की मुलाकात का मुद्दा खासा गरमाया हुआ है। चर्चा में रजनीकांत का सीएम योगी का पांव छूना है। दरअसल, साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत जब सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने उनके आवास पर पहुंचे तो उन्होंने मुख्यमंत्री का पांव छूकर आशीर्वाद लिया।
रजनीकांत करीब 72 साल के हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उम्र करीब 51 साल है। इसके बावजूद रजनीकांत का यूपी के मुख्यमंत्री का पांव छूना चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर तस्वीर खूब वायरल हो रही है। ट्विटर पर यह मामला ट्रेंड कर रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर रजनीकांत ने मुख्यमंत्री का पांव क्यों छुआ? इसके पीछे की वजह लोग भारतीय संस्कृति और संत परंपरा का सम्मान के रूप में पेश कर रहे हैं। दक्षिण भारत में सनातन संस्कृति को अपने मूल रूप में रखा गया है। फिल्मों के कलाकार भी सनातन संस्कृति को प्रदर्शित करते दिखते हैं। योगी आदित्यनाथ संत परंपरा से आते हैं, इस कारण रजनीकांत ने उनका पांव छूकर आशीर्वाद लिया।
इस दौरान सीएम योगी हाथ जोड़कर मुस्कुराते दिखाई दिए। रविवार को रजनीकांत ने यूपी में नेता प्रतिपक्ष और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी उनके आवास पर मुलाकात की। अपनी 9 साल पुरानी मुलाकात की याद को ताजा किया। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
Tag: #nextindiatimes #CmYogi #Rajinikanth