रालोद प्रमुख चौधरी जयंत करेंगे समरसता अभियान की शुरुआत

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मनजीत सिंह ने बताया कि रालोद (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह आगामी 12 फरवरी को स्व.चौधरी अजित सिंह की जयंती से समरसता अभियान की शुरुआत करेंगे। जिसमें चौधरी जयंत सिंह उत्तर प्रदेश के 1500 गांव का भ्रमण करेंगे।
उन्होंने बताया कि चौधरी अजित की जयंती के दिन जनपद मथुरा के बलदेव क्षेत्र में फजियतपुर की नगरिया, शाहपुर गौसाना, नगला पोला हयातपुर, महावन, जटोरा, मगना सराय, खिरारी आदि गांवों में दौरा करेंगे। सिंह ने बताया कि रालोद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा किसान संदेश अभियान के तहत पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों में कल 7 फरवरी को मुख्यमंत्री को चार सूत्रीय मांगों का संबोधित ज्ञापन धरना देकर जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। जिसमें रालोद नेताओं ने मांग की थी कि सत्र 2022-23 का गन्ने का लाभकारी मूल्य की घोषणा की जाए। आवारा पशुओं से किसानों की फसल बचाने के लिए उचित समाधान किया जाए।
बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान कराया जाए तथा ब्रज क्षेत्र में आलू निर्यात केन्द्र की स्थापना की जाए तथा आलू का समुचित मूल्य सरकार निर्धारित करें। रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने बताया कि वर्तमान सत्र में 4 महीने गन्ना मिलों को चलते हो गये है, लेकिन आज तक गन्ने के लाभकारी मूल्य की घोषणा नहीं हुई और किसान और रालोद कार्यकतार्ओं ने लाखों की संख्या में किसान संदेश के पत्र के माध्यम से अपनी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचा चुके हैं, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।
अगर शीघ्र ही किसानों की समस्याओं का समाधान न किया गया तो रालोद के कार्यकर्ता व पदाधिकारी आगामी 27 फरवरी को उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों में सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विशाल धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगीं।
Tag: #nextindiatimes #protest #announcement #rld #problem #uttarpradesh #road #cm #farmers #government