कानपुर में दो हिस्सों में बंटी कुशीनगर एक्सप्रेस, यात्रियों में मची खलबली

कानपुर देहात। कानपुर-झांसी रेलवे रूट पर पुखरायां स्टेशन के पास सोमवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब कुशीनगर एक्सप्रेस दो भागों में बंट गई। इस घटना से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। चालक ने ट्रेन रोक कर उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी। दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन से अलग हुई बोगियों को जोड़ा गया।
इसके बाद ट्रेन मुंबई के लिए रवाना कर दी गई है। गोरखुपर से मुंबई जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस सुबह करीब तीन बजे पुखरायां स्टेशन के पास पहुंची। यहां अचानक बोगी नंबर एस-टू की कपलिंग टूट गई। इससे तेज आवाज के साथ ट्रेन दो भागों में बंट गई। इस घटनाक्रम से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। अधिकतर यात्री सो रहे थे। उनकी नींद टूट गई और वह काफी देर तक तो समझ ही नहीं पाए आखिर हुआ क्या है। हालाकि ट्रेन चालक ने सूझबूझ से ट्रेन को रोक लिया। कुछ देर बाद माहौल सामान्य हुआ।
फिलहाल घटना में किसी को भी चोट लगने की जानकारी नहीं हुई है। घटना के बाद कानपुर से दूसरा इंजन मंगा कर ट्रेन से अलग हुई बोगियों को जोड़ा गया। फिर सुबह 7:20 बजे ट्रेन को मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया। तब यात्रियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद बाकी की बोगियों को दूसरे इंजन की मदद से जोड़ा गया। इसमें करीब चार घंटे का समय बीत गया। इस दौरान पुखरायां स्टेशन पर अफरा तफरी का माहौल यात्रियों के बीच बना रहा।
कानपुर झांसी अप लाइन में कुशीनगर एक्सप्रेस की कपलिंग टूटने पर ये रूट बाधित हो गया। इस दौरान सुपर फास्ट ट्रेन गोरखपुर एलटीटी 20104 को कानपुर सेंट्रल से पुखरायां के बीच के स्टेशनों में रोक रोक कर रवाना किया गया। इससे सुपर फास्ट ट्रेन में सवार यात्री भी चिंतित रहे। रेलवे सूत्रों के मुताबिक ये ट्रेन एक घंटे विलंब हो गई। कानपुर झांसी मंडल के पीआरओ मनोज सिंह ने बताया कि अप लाइन में भोर पहर की वजह से ट्रेनों की संख्या बहुत कम थी इससे कोई खास असर नहीं पड़ा। कुशीनगर की बोगियों को जोडक़र सकुशल रवाना कर दिया गया है। घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है।
Tag: #nextindiatimes #train #coupling #KushinagarExpress