जन्मदिन पर अक्षय कुमार पहुंचे उज्जैन, भगवान महाकाल की भस्म आरती में हुए शामिल

उज्जैन। फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार शनिवार को अपने जन्मदिन के मौके पर उज्जैन पहुंचे और भगवान महाकाल की भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की। यहां वे अपने परिवार के साथ बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। उनके साथ क्रिकेटर शिखर धवन भी बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए।

वहीं बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल भी आज उज्जैन पहुंचीं और भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की। अक्षय कुमार शनिवार को अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। शनिवार सुबह करीब 2.30 बजे अक्षय महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने धोती और कुर्ता की पारंपरिक पोशाक में नंदी हॉल से भस्म आरती की। अक्षय के साथ उनके बेटे आरव, भतीजी सिमर और बहन अलका भी थीं। उनके साथ क्रिकेटर शिखर धवन भी बैठे थे। आरती के दौरान अक्षय भक्ति के रस में नाचते नजर आए। उन्होंने आने वाली फिल्म ’मिशन रानीगंज’ की सफलता के लिए भी प्रार्थना की।

पंडित आशीष शर्मा ने बताया कि अक्षय को महाकाल मंदिर के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। महाकाल दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए अक्षय कुमार ने कहा कि वह देश की प्रगति की कामना करते हैं। क्रिकेटर शिखर धवन से जब वर्ल्ड कप के बारे में पूछा गया तो अक्षय ने मजाक करते हुए कहा कि ये तो बहुत छोटी सी बात है। हम ऐसे ही जीतेंगे। बाबा महाकाल से उन्होंने तरक्की की दुआ मांगी।

गौरतलब है कि अक्षय कुमार की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ओ माय गॉड 2 की शूटिंग भी उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुई थी। फिल्म की शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार कुछ दिनों के लिए उज्जैन में रुके थे और यहां उन्होंने बाबा महाकाल की पूजा की थी। वहीं, भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल भी शनिवार को उज्जैन पहुंचीं। भस्म आरती के बाद वे मंदिर पहुंचे और भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल के जयकारे लगाए। साइना के साथ उनके माता-पिता ने भी भगवान महाकाल के दर्शन किये।

अभिनेता अक्षय कुमार की आने वाली फिल्मों की बात करें तो आने वाले समय में ये एक्टर ‘मिशन रानीगंज, बड़े मियां छोटे मियां, हेरा फेरी 3 और वेलकम 3’ जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में नजर आएंगे। हाल ही में एक्टर की फिल्म ‘मिशन रानीगंज- द भारत रेस्क्यू’ का टीजर वीडियो भी रिलीज हुआ है, जिसने फैन्स की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है।

Tag: #nextindiatimes #AkshayKumar #birthday #mahakal

Related Articles

Back to top button