नई संसद में पहला संबोधन, जानें क्या-क्या बोले प्रधानमंत्री मोदी

नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र का आज दूसरा दिन है। केंद्र सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के पांच दिवसीय विशेष सत्र का आगाज पीएम मोदी के संबोधन के साथ हुआ। पीएम ने जी20 से भारत की साख को मिली मजबूती का जिक्र किया। पीएम मोदी ने नए संसद भवन में अपने पहले संबोधन में कहा कि भवन बदला है। भाव और भावना भी बदलनी चाहिए।
पीएम मोदी ने नए संसद भवन में अपने पहले संबोधन में कहा कि संसदीय लोकतंत्र का जब ये नया गृह प्रवेश हो रहा है, यहां आजादी की पहली किरण का साक्षी, पवित्र सेंगोल भी रखा हुआ है। ये वो सेंगोल है, जिसको भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित नेहरू का स्पर्श हुआ था। ये सेंगोल हमें महत्वपूर्ण अतीत से जोड़ता है। पीएम मोदी ने कहा कि आज आधुनिक भारत और हमारे लोकतंत्र के प्रतीक नए संसद भवन का शुभारंभ हुआ है। सुखद संयोग है कि आज गणेश चतुर्थी का शुभ दिन है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले भी पेश हुआ था, लेकिन इसके लिए जरूरी आंकड़े नहीं जुटा पाए। अब यह काम करने के लिए मुझे चुना गया है। एक बार फिर मेरी सरकार ने इस दिशा में कदम बढ़ाया है। महिला आरक्षण विधेयक को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। आज 19 सितंबर की यह तारीख इतिहास में अमरत्व को प्राप्त करने जा रही है। बता दें इस सत्र में सरकार चार बिल पेश करेगी, जिसको लेकर संसदीय बुलेटिन में जानकारी दी गई थी।
कहा जा रहा है कि पीएम मोदी का संबोधन ख़त्म होने के बाद नये संसद भवन में महिला आरक्षण बिल को पेश किया जायेगा। बिल को कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल लोकसभा में पेश करेंगे। इसके बाद इस विधेयक को पारित करवाने के लिए 20 सितंबर को सदन में चर्चा होगी। जिसके बाद यह राज्यसभा में जायेगा।
Tag: #nextindiatimes #pmmodi #newparliament #speech