जनता ने बुनियादी समस्याओं और विकास के लिए मतदान किया:अखिलेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने अपनी बुनियादी समस्याओं बेरोजगारी, महंगाई के खिलाफ और विकास के लिए मतदान किया।
यहां जारी एक बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने जनता को निराश किया है। नौजवानों को अपमानित किया गया। प्रदेश में नौकरी-रोजगार का संकट है। भाजपा ने किसानों-नौजवानों को धोखा दिया। किसानों के साथ भाजपा शासन में अन्याय हुआ है। शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गयी। भाजपा ने भाषा के स्तर को गिराया और राजनैतिक मर्यादा को तार-तार किया। भाजपा सरकार ने यूक्रेन के मामले में अपनी नाकामी छिपायी।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता संकट में है। पलायन और रोजगार की समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। राशन और नमक जनता के पैसे का ही है। गरीबों को धोखा नहीं देना चाहिए। महंगाई-बेरोजगारी की समस्या बढ़ती जा रही है। भाजपा ने दिल्ली से झूठ का प्रसार किया। लोकतंत्र में झूठ नहीं चल सकता। भाजपा बुनियादी मुद्दों से मुंह चुराती है। बीजेपी ने अपना घोषणा पत्र लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में श्रमिक पैदल चलते-चलते जान गवां दिए। स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली के कारण लाखों लोगों की जान चली गयी। समाजवादी पार्टी जनता से किया वादा पूरा करती है। समाजवादी पार्टी की प्रतिबद्धता विकास से है। उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे से परिचय सपा ने ही कराया। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सघन प्रचार किया। जनता का भारी समर्थन समाजवादी पार्टी और गठबंधन को मिला।