स्विस बैंक में भारतीयों के काले धन का पैसा बढ़ने का दावा कितना सही है?

हाल ही में मीडिया में कुछ ऐसी खबरें सामने आई हैं जिनमें कहा रहा है कि दो साल की गिरावट की प्रवृत्ति को पलटते हुए स्विस बैंकों में भारतीयों की धनराशि 2019 के अंत में 6,625 करोड़ रुपये से बढ़कर 2020 के अंत में 20,700 करोड़ हो गई है। खबरों में यह भी कहा गया है कि यह आंकड़ा पिछले 13 सालों में जमा होने वाली राशि में सबसे अधिक भी है।

भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि मीडिया में आई खबरें इस तथ्य की ओर इशारा करती हैं कि खबरों में शामिल किए गए आंकड़े बैंकों द्वारा स्विस नेशनल बैंक (एसएनबी) को बताए गए आधिकारिक आंकड़े हैं और वे स्विट्जरलैंड में भारतीयों द्वारा रखे गए कथित काले धन की मात्रा का संकेत नहीं देते हैं। इसके अलावा, इन आंकड़ों में वह पैसा शामिल नहीं है जो भारतीयों, एनआरआई या अन्य लोगों ने स्विस बैंकों में किसी तीसरे देश की संस्थाओं के नाम पर रखा हो सकता है।

वित्त मंत्रालय ने कहा है कि 2019 के अंत से ग्राहकों की जमा राशि में वास्तव में गिरावट आई है। प्रत्ययी संस्थाओं के माध्यम से रखे गए धन में भी 2019 के अंत से आधे से अधिक की कमी हो गई है। सबसे बड़ी वृद्धि “ग्राहकों की ओर से देय अन्य राशि” में हुई है। ये धन बांड, प्रतिभूतियों और विभिन्न अन्य वित्तीय साधनों के रूप में हैं।

बता दें कि भारत और स्विटजरलैंड कर – मामलों में पारस्परिक प्रशासनिक सहायता से संबंधित बहुपक्षीय सम्मेलन के हस्ताक्षरकर्ता हैं और दोनों देशों ने बहुपक्षीय सक्षम प्राधिकार समझौते पर भी हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत दोनों देशों के बीच कैलेंडर वर्ष 2018 और उससे आगे की अवधि के लिए सालाना आधार पर वित्तीय खाते की जानकारी साझा करने के लिए सूचना के स्वत: आदान-प्रदान की व्यवस्था सक्रिय है।

दोनों देशों के बीच प्रत्येक देश के निवासियों से संबंधित वित्तीय खाते की जानकारी का आदान-प्रदान 2019 के साथ-साथ 2020 में भी हुआ है। वित्तीय खातों की जानकारी के आदान-प्रदान की मौजूदा कानूनी व्यवस्था को देखते हुए, भारतीय निवासियों की अघोषित आय से स्विस बैंकों में जमा में वृद्धि की कोई महत्वपूर्ण संभावना नहीं दिखाई देती है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए –
नेक्स्ट इण्डिया टाइम्स समाचार ग्रुप YouTube से जुड़े
नेक्स्ट इण्डिया टाइम्स समाचार ग्रुप Facebook से जुड़े
नेक्स्ट इण्डिया टाइम्स समाचार ग्रुप Twitter से जुड़े
नेक्स्ट इण्डिया टाइम्स समाचार ग्रुप Instagram से जुड़े
नेक्स्ट इण्डिया टाइम्स समाचार ग्रुप Telegram से जुड़े
नेक्स्ट इण्डिया टाइम्स समाचार ग्रुप Whatsapp से जुड़े

Related Articles

Back to top button