नगर निगम के शुरुआती रुझान में सपा का सूपड़ा साफ, भाजपा आगे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव में 760 नगर निकायों में डाले गए वोटों की मतगणना शुरू हो गई है। 14521 पदों के लिए 83372 उम्मीदवार वैतरणी में उतरे थे। पार कौन लग पाया, यह आज पता चलेगा। लखनऊ में मतणना के तीसरे राउंड में भाजपा की मेयर पद की प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल आगे हैं।
17 में से 17 नगर निगम सीटों के शुरुआती रुझान आ गए हैं। 16 सीट पर भाजपा और एक सीट पर बसपा आगे है। सपा और कांग्रेस अब सभी सीटों पर पिछड़ रही है। सहारनपुर नगर निगम महापौर पद के चुनाव में पहले राउंड की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी डॉ अजय कुमार, बसपा प्रत्याशी खतीजा मसूद से 2434 मतों से आगे चल रहे हैं। भाजपा के अजय कुमार को 11367 वोट, बसपा की खतीजा मसूद को 8933 वोट, सपा के नूर हसन को 643 और कांग्रेस के प्रदीप वर्मा को 464 मत मिले हैं।
अयोध्या नगर निगम के पार्षद का पहला परिणाम घोषित हो गया है। नगर निगम के अभिराम दास वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी सुल्तान अंसारी को जीत मिली है। अयोध्या नगर निगम के अटल नगर वार्ड से भाजपा प्रत्याशी जय नारायण सिंह पार्षद पद पर जीते। अयोध्या के अश्वनी पुरम वार्ड से सपा के प्रत्याशी जगत नारायण यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सुरेंद्र यादव को 60 वोटों से हराया।
अंबेडकरनगर के जलालपुर नगर परिषद के पोस्टल मतों की गणना में सपा की खुर्शीद जहां आगे। उन्हें 9 मत मिले जबकि भाजपा की शोभावती को 5 व बसपा की फरजाना खातून को 4 मत मिले। रायबरेली में नगर पंचायत सलोन और परशदेपुर में पोस्टल बैलेट की काउंटिंग हो चुकी है। दोनों नगर पंचायत में एक एक मत व नगर पंचायत नसीराबाद में कोई पोस्टल बैलट नहीं था।
Tag: #nextindiatimes #lucknow #municipalcorporation #counting