यूपी में सुबह से ही बारिश शुरू, जानें कब तक रहेगा ऐसा मौसम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार की सुबह सूरज गायब रहा। कल रात से ही मौसम में बदलाव देखा गया वहीं आज सुबह से हो रही बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। शुक्रवार सुबह से हल्की बूंदाबांदी ने एक बार फिर तापमान में गिरावट ला दी है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान बता रहा है कि सोमवार तक इसी प्रकार का मौसम रह सकता है। राजधानी लखनऊ में सुबह से शुरू हुई हल्की बारिश ने मौसम को खुशगवार बना दिया है। नोएडा से गोरखपुर तक बदले मौसम का असर दिख रहा है। सोमवार तक प्रदेश के सभी हिस्सों में मध्यम से लेकर तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की ओर से बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

राजधानी लखनऊ में सुबह 7.35 बजे से कई इलाकों में हल्की और कुछ इलाकों में मध्यम बारिश शुरू हुई। इससे पहले देर रात से चल रही हवाओं के असर के कारण लोगों को मॉर्निंग वॉक के दौरान ठंडक का अहसास हुआ। 8 किलोमीटर की रफ्तार से चलती हवाओं और बारिश के कारण प्रदूषण के स्तर में भी कमी आई है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। लखनऊ के आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से कहा जा रहा है कि बारिश जैसी स्थिति सोमवार तक बनी रहेगी। इसके बाद धूप और गर्मी का असर बढ़ेगा। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

गोरखपुर से वाराणसी तक मौसम में बदलाव का असर दिख रहा है। पूर्वांचल में अगले तीन दिन में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। गोरखपुर में शुक्रवार सुबह से 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। वहीं, रविवार से तेज बारिश की उम्मीद है। सोमवार को गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Tag: #nextindiatimes #weather #report #weatherforecast #rain #uttarpradesh #up #noida #wind #temperature

Related Articles

Back to top button