बलिया में दर्दनाक हादसा, नाव पलटने से 3 लोगों की मौत, कई लापता

बलिया। यूपी के बलिया में शहर से कुछ दूरी पर गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया है। बताया जा रहा है कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। घटना के वक्त नाव में 50 से ज्यादा लोग सवार थे।
दरअसल यहां मुंडन संस्कार के दौरान गंगा नदी के माल्देपुर घाट में नाव पलट गई। डीएम ने तीन लोगों के मौत की पुष्टि की है, जबकि 20 से 25 लोगों की लापता होने की आशंका है। सभी मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हैबतपुर नरेंद्र राय के अनुसार नाव की समुचित व्यवस्था नहीं थी। आज मुंडन संस्कार के दौरान गंगा नदी में नाव हादसा हो गया है। हालांकि अभी प्रशासनिक पुष्टि नहीं हो पाई है। अभी और गोताखोर मौके पर पहुंचने की सूचना।
घाट पर मौजूद नाविकों ने 6 लोगों को नदी से बाहर निकाला है। सभी को अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन के साथ स्थानीय लोग बचाव में जुटे हुए हैं। हादसा फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर घाट पर हुआ है। घटनास्थल पर जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, एसपी राजकरन नैय्यर सहित कई आलाधिकारी मौजूद हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। डीएम ने बताया कि एक ही नाव पर तीन से चार परिवार के लोग शामिल थे। बच्चे के मुंडन संस्कार के कार्यक्रम को कराने के लिए ये परिवार गंगा के उस पार जा रहा था, तभी बीच नदी में ही हादसा हो गया।
नाव पलटने के मुख्य कारण का पता नहीं चल सका है। जानकारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, अब तक शवों की पहचान तक नहीं हो सकी है। गंगा घाट पर अफरा-तफरी का माहौल है।
Tag: #nextindiatimes #baliya #ganga #river